अफगानिस्तानकी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ANDMA) ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि देश में 61 मौतें बुधवार से शुक्रवार के बीच हुई हैं। ये मौतें मुख्य रूप से देश के मध्य और उत्तरी प्रांतों में हुई हैं। बर्फबारी और बारिश से भूस्खलन जैसी घटनाओं से 458 घर आंशिक या पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं।
कई शहरों में जनजीवन प्रभावित
प्राधिकरण के प्रवक्ता ने कहा कि कुल 360 परिवार प्रभावित हुए हैं। अफगानिस्तान की मुख्य सड़कों में से एक सालंग राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। इससे बड़े पैमाने पर लोगों को दिक्कत हो रही है। राहत और बचाव कर्मी मध्य बामयान प्रांत में एक पहाड़ी दर्रे पर फंसे यात्रियों को खाने-पीने का सामान बांट रहे हैं।
अफगानिस्तान के पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी बारिश और बर्फीले तूफान ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में शुक्रवार को एक घर के हिमस्खलन की चपेट में आ जाने से परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। पर्वतीय चित्राल जिले के डोमेल क्षेत्र में यह घटना हुई है।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि डोमेल में एक आवासीय मकान पर हिमस्खलन की चपेट में आ गया। इसमें चार महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गई और एक बच्चा घायल हुआ। मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि घायल बच्चे को अस्पताल लाया गया है। खैबर जिले की तिराह घाटी में बचाव अभियान जारी है।














