उन्होंने कहा, ‘अगर कोई नहीं मिलना चाहता है तो वह उनकी पर्सनल राय है। ठीक है, अगर वे मुझसे नहीं मिलना चाहते हैं तो कोई बात नहीं। हर कोई अपनी जिंदगी में आजाद है। वे किसी से मिले या न मिलें।’
पवन सिंह के खिलाफ बोले खेसारी लाल यादव
एक्टर ने यह भी कहा कि पवन सिंह के मिलने से न उनका घर चलता है और न ही उनके मिलने से मेरा घर चलता है। हम दोनों ही कड़ी मेहनत से आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों की इमेज लोगों के दिलों में हैं, क्योंकि हम बेहतर काम करते हैं, इसीलिए हम आगे बढ़ते हैं। एक कलाकार के तौर पर मुझे लगता है कि यह चीज होती रहती है। इस पर और बात करने की जरूरत नहीं है।’
पवन सिंह ने कहा था कि आपका गाना अंतरिक्ष में बजेगा?
खेसारी ने याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ही पवन सिंह का साथ दिया है। उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें हमेशा से ही बड़ा भाई मानता आया हूं। चाहे चुनाव हो या कोई मुद्दा, मैंने परिवार की तरह उनका साथ दिया, लेकिन अब पवन सिंह की मर्जी है कि वे मिलें या नहीं।’ आईएएनएस ने पूछा कि पवन सिंह ने कहा था कि आपका गाना अंतरिक्ष में बजेगा? इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘यह अच्छी बात है कि एक पिछड़े समाज के बच्चे और उसके छोटे भाई का गाना स्पेस में बजेगा और उनके आशीर्वाद से हम इसे स्पेस में बजाने की कोशिश करेंगे।’
रवि किशन की आलोचना पर भी जवाब दिया
इसके अलावा, खेसारी ने एक्टर रवि किशन की आलोचना पर भी जवाब दिया। रवि किशन ने खेसारी के पैर छूने पर भी सवाल उठाया था। इसका जवाब देते हुए खेसारी ने कहा, ‘मुझमें सम्मान है। अगर मैं आज उनसे मिलता हूं तो छोटे भाई के तौर पर उनके पैर छूऊंगा। आज भी मैं अपने पिता के पैर छूता हूं, वैसे ही। मैं ऐसे पिता का बेटा हूं जिन्होंने मुझे संस्कार सिखाए। सम्मान मेरा कर्तव्य है और मैं देता रहूंगा। अब वह इसे कैसे लेते हैं, यह उनका मामला है।’
खेसारी ने कहा- क्योंकि मैं लड़ते-लड़ते बड़ा हुआ हूं
खेसारी ने आखिरी में साफ किया कि उनका और पवन का रिश्ता हमेशा से ही छोटे-बड़े भाई का रहा है। उन्होंने कहा, ‘वे मेरा साथ दें या न दें, यह पूरी दुनिया जानती है, लेकिन यह कोई बड़ी बात नहीं है, क्योंकि मैं लड़ते-लड़ते बड़ा हुआ हूं और जो लड़का लड़ते-लड़ते बड़ा हुआ है, उसे आप बातों से छोटा नहीं कर सकते।’
पवन सिंह की बातों पर पलटवार करते हुए कहा- कुछ लोग खुद को भगवान समझ बैठे हैं
यहां बता दें कि खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के बीच विवाद की मुख्य शुरुआत पवन सिंह द्वारा एक स्टेज शो से हुई। इस शो के दौरान पवन सिंह ने खेसारी का नाम लिए बिना उन पर तंज कसने और उनके लिए 5 हजार में गाने वाले जैसे विवादित बयान दिया। दरअसल पटना में एक कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने कथित तौर पर नशे की हालत में खेसारी के खिलाफ भद्दे कॉमेंट किए, जिसका वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद इसे लेकर खेसारी ने पलटवार किया और फि तब से दोनों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई। खेसारी ने पवन सिंह की बातों पर पलटवार करते हुए कहा था कि कुछ लोग खुद को भगवान समझ बैठे हैं और अपने से नीचे काम करने वालों को इज्जत नहीं देते। हालांकि, इसके बाद दोनों में सुलह भी हो गई थी।
पत्नी ने लगायए थे पवन सिंह के खिलाफ कई गंभीर आरोप
इसके बाद दोनों के बीच मामला एक बार फिर से खराब हुआ। पावर स्टार की पत्नी ज्योति सिंह काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रही थीं। उससे ठीक पहले ज्योति के कुछ वीडियोज सामने आए थे जिसमें वो पवन सिंह के खिलाफ बातें करती नजर आ रही थीं। उन्होंने पवन सिंह के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे। ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर उनका गर्भपात करवाने, शादी के बाद अक्षरा सिंह से अफेयर और चुनाव के लिए सिंदूर से मांग भरकर उनका इस्तेमाल करने जैसे आरोप लगाए थे।
पवन सिंह की पत्नी के सपोर्ट में उतरे थे खेसारी लाल
इसके बाद खेसारी लाल यादव ने पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह को काराकाट विधानसभा चुनाव में खुला सपोर्ट दिया है। उस समय खेसारी ने पवन सिंह से बगावत करते हुए जनता से अपील की और कहा कि वे ज्योति को जिताने में मदद करें। खेसारी ने उन्हें सपोर्ट करते हुए पार्टी की निष्ठा से ऊपर उठकर मानवता को प्रायॉरिटी देने की बात कही। खेसारी ने कहा कि उस महिला को जनता की जरूरत है तो प्लीज उन्हें सपोर्ट करें। इसके बाद से लगातार दोनों के बीच की बयानबाजी खूब सुनने में आ रही है।













