• National
  • अमेरिका और पाकिस्तान की दोस्ती पर मोदी सरकार की चुप्पी परेशान करने वाली, कांग्रेस ने क्यों कहा ऐसा

    नई दिल्ली: कांग्रेस ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से तारीफ किए जाने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच की यह दोस्ती भारत के लिए राष्ट्रीय चिंता का विषय है, लेकिन इस पर मोदी सरकार की चुप्पी परेशान करने वाली है।


    Azad Hind Desk अवतार
    By Azad Hind Desk दिसम्बर 24, 2025
    Views
    728 x 90 Advertisement
    728 x 90 Advertisement
    300 x 250 Advertisement
    नई दिल्ली: कांग्रेस ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से तारीफ किए जाने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच की यह दोस्ती भारत के लिए राष्ट्रीय चिंता का विषय है, लेकिन इस पर मोदी सरकार की चुप्पी परेशान करने वाली है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि साल 2008 के मुंबई आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान दुनियाभर में बेनकाब और बदनाम हो गया था।

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले कुछ महीनों में कई बार मुनीर की तारीफ की है और 60 से अधिक बार यह दावा भी किया कि उन्होंने इस साल मई में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव रुकवाया था। हालांकि, भारत ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) की तरफ से संपर्क किए जाने के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर विचार किया गया था।

    जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि ऐसा लगता है कि फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के प्रति राष्ट्रपति ट्रंप के आकर्षण का कोई अंत नहीं है, जिनकी भड़काऊ और सांप्रदायिक रूप से वीभत्स टिप्पणियों ने 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में पाकिस्तान की ओर से कराए गए आतंकवादी हमले की भूमिका तैयार की थी।

    कांग्रेस नेता ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 18 जून, 2025 को व्हाइट हाउस में दोपहर के भोज के लिए फील्ड मार्शल की मेजबानी की। फिर राष्ट्रपति ट्रंप ने एक अक्टूबर, 2025 को व्हाइट हाउस में फील्ड मार्शल से दूसरी बार मुलाकात की, जब मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति को दुर्लभ धातुओं वाला एक बॉक्स भेंट किया था। फिर ट्रंप ने 13 अक्टूबर, 2025 को मिस्र में मुनीर को मेरा पसंदीदा फील्ड मार्शल कहा। 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति ने मुनीर की महान सेनानी के रूप में प्रशंसा की।

    जयराम के अनुसार, बीते 22 दिसंबर को राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर मुनीर की प्रशंसा करते हुए उन्हें बहुत सम्मानित जनरल तक कह दिया। जयराम रमेश ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच यह मित्रता भारत के लिए बहुत चिंताजनक है। यह आम तौर पर पाकिस्तान को और विशेष रूप से मुनीर को एक तरह से क्लीन चिट प्रदान करता है, जबकि इसके सबूत मौजूद हैं कि मुनीर ने पहलगाम आतंकवादी हमले में न सिर्फ सहयोग किया बल्कि उसे करवाया।

    जयराम रमेश ने दावा किया कि यह राष्ट्रीय चिंता का विषय है और इस पर मोदी सरकार की चुप्पी परेशान करने वाली है। कांग्रेस नेता ने कहा कि याद कीजिए कि वर्ष 2008 के मुंबई हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान पूरी तरह बेनकाब और बदनाम हुआ था। उसे आज की तरह सराहा और महिमामंडित नहीं किया गया था।

    728 x 90 Advertisement
    728 x 90 Advertisement
    300 x 250 Advertisement

    हर महीने  ₹199 का सहयोग देकर आज़ाद हिन्द न्यूज़ को जीवंत रखें। जब हम आज़ाद हैं, तो हमारी आवाज़ भी मुक्त और बुलंद रहती है। साथी बनें और हमें आगे बढ़ने की ऊर्जा दें। सदस्यता के लिए “Support Us” बटन पर क्लिक करें।

    Support us

    ये आर्टिकल आपको कैसा लगा ? क्या आप अपनी कोई प्रतिक्रिया देना चाहेंगे ? आपका सुझाव और प्रतिक्रिया हमारे लिए महत्वपूर्ण है।