दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम का मिजाज फिलहाल स्थिर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, हालांकि 1 मार्च से दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और दिन में गर्मी का अहसास और अधिक बढ़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की वेबसाइट पर जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 28 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दिन सुबह के समय वातावरण में हल्की धुंध छाई रही। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। वहीं 1 मार्च को भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी सुबह के समय हल्की धुंध रहने की संभावना जताई गई है। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 80 प्रतिशत और न्यूनतम 30 प्रतिशत रह सकता है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश ठंड कम हो गई है और अब तेज गर्मी लोगों को सताने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। जिससे तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। एक से चार मार्च के दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
यूपी-दिल्ली के साथ-साथ बिहार में भी गर्मी का सितम सताने लगा है। दिन के साथ-साथ रात में आलम ये है कि पंखा चलाने की जरूरत पड़ रही है। IMD ने अगले 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान तापमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।
आज आपके शहर में कितना रहेगा तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान (1 मार्च) | न्यूनतम तापमान (1 मार्च) |
| दिल्ली | 33°C | 16°C |
| मुंबई | 33°C | 23°C |
| कोलकाता | 34°C | 19°C |
| चेन्नई | 33°C | 24°C |
| लखनऊ | 32°C | 16°C |
| पटना | 32°C | 20°C |
| रांची | 31°C | 15°C |
| भोपाल | 32°C | 16°C |
| जयपुर | 31°C | 18°C |
| शिमला | 18°C | 09°C |
| नैनीताल | 20°C | 10°C |
हिमाचल प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल के कुछ इलाकों में अभी भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने 4 से 6 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में अभी भी अच्छी-खासी ठंड का एहसास हो रहा है। हालांकि तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। लेकिन अब 4 मार्च होलिका दहन के दिन से पश्चिम विक्षोभ के असर से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। लेकिन IMD ने कोई बारिश का अलर्ट नहीं जारी किया है।













