फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक राजधानी तेहरान में यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोम्हौरी इलाके में कई मिसाइलें गिरी हैं। इजरायली सेना ने कहा है कि यह सुरक्षा के लिए एक अलर्ट है। ईरान की ओर से मिसाइल लांच किया जा सकता है। ईरान से कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिसमें धमाका होता दिखाई दे रहा है। लोगों में अफरातफरी का माहौल है। ईरानी मीडिया ने कहा है कि इजरायली सेना ने ईरानी सेना IRGC के खुफिया विभाग के मुख्यालय को निशाना बनाया है। इसके अलावा मध्य तेहरान को भी निशाना बनाया गया है। अभी इजरायल की ओर किसी मिसाइल हमले की कोई सूचना नहीं है। इजरायल ने आम नगारिकों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है।
ईरान में रह रहे विदेशी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी
इस बीच वर्तमान हालात के मद्देनजर दुनिया के अलग-अलग देशों की तरफ से एडवाइजरी जारी की जा रही है। इसी क्रम में ब्रिटेन ने इजरायल और ईरान में रह रहे अपने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया, ‘यह ट्रैवल एडवाइजरी इजरायल और फिलिस्तीन के लिए है। विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) अब इजरायल और फिलिस्तीन की जरूरी यात्रा को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर यात्रा न करने की सलाह दे रहा है।’ एफसीडीओ ने गाजा की यात्रा न करने की सलाह दी है। एफसीडीओ ने गाजा के साथ बॉर्डर के 500 मीटर के अंदर यात्रा न करने की सलाह दी है। इसके अलावा, एडवाइजरी में वेस्ट बैंक, तुलकरम गवर्नरेट, जेनिन गवर्नरेट और टुबास गवर्नरेट और रूट 90 को भी शामिल किया गया है।
एफसीडीओ सलाह देता है कि कब्जे वाले गोलन हाइट्स (अल्फा लाइन) में एरिया ऑफ सेपरेशन के 500 मीटर के अंदर कोई भी यात्रा न करें। सीरिया के रास्ते कब्जे वाले गोलन हाइट्स में घुसने की कोशिश न करें। एडवाइजरी के मुताबिक, हमने सावधानी के तौर पर अपने कुछ स्टाफ और उनके आश्रितों को तेल अवीव से इजरायल के अंदर किसी दूसरी जगह पर कुछ समय के लिए भेज दिया है। हमारा दूतावास नॉर्मल तरीके से काम कर रहा है।














