क्योडो न्यूज के साथ बातचीत में जेलेंस्की ने कहा कि 10,000 नॉर्थ कोरिया के सैनिक रूस के अलग-अलग इलाके में हैं। यह इसलिए खतरनाक है क्योंकि वे मॉडर्न हाइब्रिड वॉरफेयर के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं। वह यह सीख रहे हैं कि मिसाइलों और अलग-अलग तरह के ड्रोन से कैसे बचाव करना है।
उत्तर कोरिया की सेना को होगा फायदा: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने बताया है कि रूस में उत्तर कोरियाई सैनिक सिर्फ आम ड्रोन ही नहीं बल्कि FPV, लंबी दूरी के ड्रोन, फाइबर और ऑप्टिक ड्रोन की भी जानकारी ले रहे हैं। रूस के इलाके में उनको इसका खूब मौका मिल रहा है क्योंकि हम रूसी हमलों का जवाब दे रहे हैं। सवाल है कि वे इस जानकारी का क्या करेंगे। जाहिर है कि उनकी यह जानकारी और अनुभव नॉर्थ कोरियाई सेना के काम आएंगे।
रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी, 2022 से लड़ाई चल रही है। रूस के यूक्रेन पर हमले के साथ यह लड़ाई शुरू हुई थी। इसके बाद से दोनों तरफ, खासतौर से यूक्रेनी पक्ष का लड़ाई में काफी नुकसान हुआ है। अमेरिका की हालिया महीनों की तमाम कोशिशों के बावजूद यह जंग रुकती नजर नहीं आ रही है। इस बीच यूक्रेन ने उत्तर कोरिया की रूस में भूमिका को लेकर लगातार सवाल खड़े किए हैं।
हम समझौते को तैयार: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने अपने इंटरव्यू में कहा कि वह रूस से युद्धविराम समझौतों के लिए तैयार है लेकिन अपनी सॉवरेनिटी की कीमत पर डील नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, ‘हम अमेरिका के साथ समझौते पर बात करने के लिए तैयार हैं लेकिन रूसियों को हम हमलावर मानते हैं। हम उनकी गलत शर्तों को नहीं मानने वाले हैं।’
जेलेंस्की ने आगे कहा, ‘रूस हमें समझौते के तौर पर क्या ऑफर करता है, इसकी बहुत अहमियत है। रूस की जुबान धमकाने की रही है। इसीलिए मैंने कहा कि हम ऐसे समझौतों के लिए तैयार हैं, जो यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता, हमारी सेना, हमारे लोगों और बच्चों का सम्मान करते हों। हम किसी अल्टीमेटम को नहीं नमानते हैं।















