मोहित सूरी की इस रोमांटिक ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सैयारा’ ने रिलीज होते ही थिएटरों में एक अलग माहौल बना डाला था। सोशल मीडिया पर नजर आ रहे तमाम वीडियो के बीच एक क्लिप काफी चर्चा में रही थी। इस वीडियो में मुंबई में थिएटर में एक शख्स IV ड्रिप लगे होने के बावजूद फिल्म देख रहा था। इस क्लिप के साथ लोगों के इमोशंस फिल्म से भी खूब जुड़ने लगे।
अहान ने बताया- असल में उसका डायलिसिस चल रहा था
‘एस्क्वायर इंडिया’ को दिए एक हालिया इंटरव्यू में अहान ने इसी वायरल क्लिप पर बातें कीं। अहान ने इस बातचीत में कहा, ‘आपको पता है, वह असल में उसका डायलिसिस चल रहा था। मोहित सर को बाद में पता चला क्योंकि हम यह जानने के लिए उत्सुक थे कि ये कैसे हो रहा है।’
लोगों को लगा था- प्रमोशन का तरीका
हालांकि, क्लिप वायरल होने के बाद, कई लोगों को लगा था कि ये मेकर्स के प्रमोशन का तरीका है और लोगों को इस वीडियो की सच्चाई पर भरोसा नहीं हो रहा था।
अहान ने कहा- रोमांस परफेक्ट नहीं होता
फिल्म को लेकर अहान ने कहा, ‘मुझे लगता है कि लोगों ने इस पर ऐसा रिएक्शन इसलिए दिया क्योंकि इतने सालों से हमारे मन में चीजों को करने का एक तय तरीका था। शायद लोग कुछ ऐसा देखना चाहते थे जिसमें कलाकार परफेक्ट होने की कोशिश न कर रहे हों और इस फिल्म ने उन्हें वह मौका दिया। रोमांस परफेक्ट नहीं होता। प्यार कभी भी परफेक्ट नहीं होता।’
अहान ने फिल्म रिलीज के बाद करवाई सर्जरी
अहान ने यह भी बताया कि फिल्म की रिलीज के तुरंत बाद उन्होंने एक बड़ी सर्जरी करवाई, जिसे उन्होंने सबसे दर्दनाक सर्जरी में से एक बताया। उन्होंने कहा, ‘पिछले साल फिल्म सैयारा की रिलीज के बाद मैंने एक सर्जरी करवाई थी, और यह सबसे दर्दनाक सर्जरी में से एक है, जिसमें ठीक होने में सबसे लंबा समय लगता है।’
अली अब्बास जफर के साथ एक एक्शन-रोमांस फिल्म
उन्होंने बताया कि ये सर्जरी कई साल पहले एक स्नोमोबाइल एक्सिडेंट की वजह हुई थी, जिसमें उनके कंधे में मोच आ गई थी। इस चोट की वजह से उन्हें दिक्कत हो रही थी। अहान अली अब्बास जफर के साथ अपनी अगली एक्शन फिल्म शुरू करने से पहले सर्जरी करवाने के लिए मजबूर हो गए। अहान की अगली फिल्म अली अब्बास जफर के साथ एक एक्शन-रोमांस फिल्म है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में शरवरी भी होंगी, जो जल्द ही आलिया भट्ट के साथ ‘अल्फा’ में नजर आएंगी।














