यह वीडियो हाउस ओवरसाइट कमेटी की ओर से जारी किया गया है। इसमें कई घंटों तक चली पूछताछ दिखाई गई है। जिसमें हिलेरी क्लिंटन और उनके पति पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने अलग-अलग बैठकर बयान दिए। दोनों ने कुख्यात यौन तस्कर अपराधी जेफरी एपस्टीन के अपराधों की पहले से जानकारी होने से इनकार किया है।
गवाही के दौरान नाराजगी
वीडियो में हिलेरी क्लिंटन कहती सुनाई देती हैं, “आई एम डन विद दिस। अगर आप लोग ऐसा कर रहे हैं, तो मैं यहां खत्म करती हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर चाहे तो उन्हें कंटेप्ट में रखा जा सकता है। यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब उन्हें बताया गया कि उनकी डिपोजिशन की एक तस्वीर सार्वजनिक हो गई है।
एपस्टीन केस और क्लिंटन परिवार
जेफ्री एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के गंभीर आरोप लगे थे। 2019 में गिरफ्तारी के बाद जेल में उसकी मौत हो गई थी, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया गया। हालांकि हिलेरी और बिल क्लिंटन पर एपस्टीन के पीड़ितों ने कोई सीधा आरोप नहीं लगाया है लेकिन जांच फाइलों में बिल क्लिंटन का नाम और कुछ तस्वीरें शामिल होने से राजनीतिक विवाद बढ़ा है।
जांच और राजनीतिक असर
हाउस ओवरसाइट कमेटी द्वारा जारी इस वीडियो के बाद मामले ने फिर से राजनीतिक रंग ले लिया है। रिपब्लिकन सांसदों ने इस मामले में और पारदर्शिता की मांग की है जबकि डेमोक्रेटिक खेमे का कहना है कि क्लिंटन दंपति ने जांच में पूरा सहयोग किया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर अमेरिकी राजनीति में और बहस तेज होने की संभावना है।













