देश के 8 राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के 6 राज्यों में अगले 72 घंटे में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 16 से 20 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद, हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर बारिश बर्फबारी हो सकती है।
साथ ही, 18 से 20 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में और 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर बारिश होने की संभावना है। 14 जनवरी को लक्षद्वीप में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 18 से 20 जनवरी के बीच बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान एक बार फिर से तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है। वहीं, 15 से 17 जनवरी के बीच सुबह और रात में तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच बना रहेगा। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी।
यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा
यूपी में भी 18 से 20 जनवरी के बीच मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लोगों से सावधान रहने को कहा गया है। वहीं, 15 जनवरी को गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा, मथुरा, मेरठ, नोएडा, झांसी, बरेली, और अलीगढ़ में खतरनाक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा
बिहार में कल यानी 15 जनवरी को भीषण ठंड रहेगी। सुबह के समय अधिकांश जिलों में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। पटना, सिवान, बक्सर, भोजपुर, सारण, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में खतरनाक शीतलहर चलने की चेतावनी है।
| शहर | अधिकतम तापमान (15 जनवरी) | न्यूनतम तापमान (15 जनवरी) |
| दिल्ली | 17°C | 06°C |
| मुंबई | 29°C | 23°C |
| कोलकाता | 22°C | 12°C |
| चेन्नई | 28°C | 22°C |
| लखनऊ | 17°C | 08°C |
| पटना | 16°C | 08°C |
| रांची | 20°C | 07°C |
| जयपुर | 22°C | 08°C |
| बेंगलुरु | 28°C | 18°C |
| मनाली | 02°C | -12°C |
| नैनीताल | 16°C | 04°C |
हिमाचल में कल मौसम कैसा रहेगा
हिमाचल प्रदेश में 16 जनवरी से लगातार 5 दिन 20 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस बारिश के चलते तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। मनाली, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान माइनस 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
उत्तराखंड में कल मौसम कैसा रहेगा
उत्तराखंड में कल 15 जनवरी को ठंड बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक पिथौरागढ़,चमोली, लैंसडाउन, नैनीताल और धनोल्टी में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। सुबह के समय इन शहरों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। नैनीताल में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
राजस्थान में कल मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान में 19 और 20 जनवरी को बारिश मुश्किलें बढ़ाने वाली हैं। लोगों को इस दौरान सावधान रहने की अपील की गई है। जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, सीकर और बीकानेर में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा चुरू, श्रीगंगानगर, भरतपुर और अलवर में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में कल मौसम कैसा रहेगा
मध्य प्रदेश में कल यानी 15 जनवरी को 5 शहरों चित्रकूट, नौगांव, मुरैना, खजुराहो और करौंदी में तापमान 5 डिग्री से कम रहेगा और सुबह के समय कंपकंपी बढ़ाने वाली हवा चलेगी। भोपाल में कल अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।














