उत्तर भारत के लिए शीतलहर का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण अगले 1-2 दिनों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है। हालांकि, आने वाले दिनों में ठंड में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। अगले पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है।
पंजाब, हरियाणा में पारा थोड़ा चढ़ा, ठंड का प्रकोप जारी
पंजाब और हरियाणा में पिछले दो दिनों में तापमान में मामूली वृद्धि हुई है, हालांकि कई स्थानों पर पारा सामान्य स्तर से नीचे ही रहा। दोनों राज्यों में भीषण ठंड जारी है, जिसके कारण सुबह के समय कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो जाती है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा का नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शहर में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को क्रमशः 1.5 डिग्री और दो डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
- अंबाला में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में यह 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। हिसार में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री और शुक्रवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- करनाल में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था, जबकि रोहतक का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
- पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
- पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पटियाला में दिन का सबसे कम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमशः पांच, 5.5 और पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बठिंडा का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री से नीचे रहा।
कल कितना रहेगा आपके शहर का तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान (18 जनवरी) | न्यूनतम तापमान (18 जनवरी) |
| दिल्ली | 22°C | 05°C |
| मुंबई | 31°C | 18°C |
| कोलकाता | 24°C | 12°C |
| चेन्नई | 28°C | 21°C |
| लखनऊ | 21°C | 07°C |
| पटना | 23°C | 09°C |
| रांची | 23°C | 06°C |
| जयपुर | 22°C | 08°C |
| बेंगलुरु | 28°C | 18°C |
| मनाली | 02°C | -07°C |
| नैनीताल | 15°C | 05°C |
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। पंजाब में 18, 19 और 22 जनवरी को, हरियाणा-चंडीगढ़ में 19 और 22 जनवरी को, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। दिल्ली में चार दिन बाद शीतलहर से राहत मिली है, शुक्रवार को तापमान 4 डिग्री से ऊपर रहा। शनिवार को कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 21 जनवरी से सर्दी एक बार फिर वापसी कर सकती है।
सर्द हवाओं की चपेट में यूपी
उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन में तेज धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम को गलन लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है, हालांकि राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना कम है। शनिवार दोपहर में तेज धूप निकल सकती है, लेकिन सुबह के समय कोहरा परेशान करेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण अगले पांच से छह दिनों में तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
बिहार में धूप के दर्शन
बिहार में तेज धूप के कारण मौसम में नरमी आई है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का सामना करना पड़ेगा। आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है, लेकिन रात के न्यूनतम तापमान में खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। तराई वाले इलाकों में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक बिहार में शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है और शीत लहर या ठंड की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।














