मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अपडेट के मुताबिक, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। वहीं, दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 3-4 मार्च को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
वहीं मौसम विभाग ने 27-28 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और माहे में बारिश के आसार व्यक्त किए हैं। जबकि जम्मू-कश्मीर में 3 और 4 मार्च को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। जानते हैं कल आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम…
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, 27 फरवरी से 2 मार्च के बीच आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। यानी होली में ठंड का एहसास लगभग न के बराबर होगा। वहीं इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं।
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में दिन के साथ-साथ अब रात में भी गर्मी का एहसास होने लगा है। आलम ये है कि पंखा चलाने की नौबत आ गई है। IMD के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक हो सकता है। जबकि अगले 24 घंटे में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि 24 घंटे के बाद 2 से 3 डिग्री तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो सकती है। यानी होली तक यूपी में गर्मी बढ़ने के संकेत है।












