तनाव पर भारत की सोच स्पष्ट: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में चल रहे अनेक तनावों पर भारत की सोच स्पष्ट ही है। हमने हमेशा शांति और स्थिरता बनाए रखने का आह्वान किया है और जब दो लोकतंत्र एक साथ खड़ी होती हैं, तो शांति की आवाज और भी सशक्त हो जाती है। पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। भारत बातचीत और डिप्लोमेसी के जरिए सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है। हम इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।
दिल्ली में ईरानी दूतावास ने क्या कहा था
इससे पहले रविवार को इस बात की पुष्टि हुई इजरायल और अमेरिका के किए गए हमले में खामेनेई की मौत हो गई। ईरानी दूतावास ने कहा कि भारत स्थित इस्लामिक गणराज्य, ईरान का दूतावास दुनिया भर की आजाद और स्वतंत्रता की पक्षधर सरकारों से इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करने और अराजकता और आक्रामकता के सामने खामोश नहीं रहने का आह्वान करता है।
‘अमेरिका और इजरायल को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे’
दूतावास ने कहा कि अमेरिका और इजरायल को इस अक्षम्य अपराध के गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। गौरवशाली राष्ट्र ईरान हमेशा की तरह ताकत, दृढ़ता और संकल्प के साथ अपने गौरवशाली मार्ग पर चलता रहेगा। देश के मौजूदा मामलों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। दूतावास ने कहा कि शहीदों का बलिदान ईरानी लोगों के अपनी स्वतंत्रता, गरिमा और उच्च आदर्शों की रक्षा करने के संकल्प को और मजबूत करेगा।













