हरियाणा के गुरुग्राम में 19 वर्षीय छात्रा को उसके लिव-इन पार्टनर ने कथित रूप से बेरहमी से पीटा जिसके बाद उसे गंभीर हालत में दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान दिल्ली निवासी शिवम (19) के रूप में हुई है। पीड़िता उत्तरी त्रिपुरा की रहने वाली है।
- सूत्रों ने बताया कि जब महिला को पहले सेक्टर 10 हॉस्पिटल ले जाया गया, तो उसके शरीर पर जलने के निशान थे, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर होने की वजह से उसे एडवांस केयर के लिए AIIMS दिल्ली रेफर कर दिया गया।
- पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी और वे पिछले कुछ महीनों से सेक्टर 69 स्थित एक पीजी आवास में साथ रह रहे थे। उनके विवाह को लेकर परिवारों के बीच बातचीत चल रही थी।
कहासुनी के बाद मारपीट
गुरुवार रात को दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने युवती पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। गुरुवार देर रात युवती की मां की सूचना पर पुलिस पीजी पहुंची और युवती को निकाला।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की जांच जारी
पुलिस उपायुक्त हितेश यादव ने बताया, ‘आरोपी ने कथित तौर पर क्रोधित होकर पीड़िता पर बेरहमी से हमला किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी को अपनी लिव-इन पार्टनर के चरित्र पर संदेह था। आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हमने घटनास्थल से सबूत भी जुटा लिए हैं और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं।’ उन्होंने बताया कि बादशाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।













