गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने समाज की कड़वी और गंदी मानसिकता पर चोट करती फिल्म ‘अस्सी’ की तारीफ की है। तापसी पन्नू की फिल्म ‘अस्सी’ देशभर में महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न की सच्चाई को उजागर करती है। फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा से लेकर पीड़िता को उस दौरान किन चीजों का सामना करना पड़ता है, इन सभी पहलुओं को बारीकी से दिखाया गया है।
फिल्म गीतकार जावेद अख्तर के दिल में उतर चुकी है
यही वजह है कि फिल्म गीतकार जावेद अख्तर के दिल में उतर चुकी है। गीतकार ने फिल्म की तारीफ कर लिखा कि अस्सी ऐसी कहानी है, जो एक तरफ इमोशनल पहलू को छूती है और दूसरी तरफ लोगों के दिल को। फिल्म को बहुत अच्छे तरीके से दिखाया गया है, जो कई सवालों के जवाब देती है।’
‘कुछ गंभीर सवाल छोड़ जाती है, यह आसान जवाब नहीं दे’
‘इंडिया टुडे’ से बात करते हुए जावेद अख्तर ने कहा, ‘कुछ तस्वीरें दिल को छू जाती हैं। कुछ फिल्में बौद्धिक स्तर पर काम करती हैं, दिमाग को व्यस्त रखती हैं। लेकिन बहुत कम फिल्में ऐसी होती हैं जो एक ही समय में दिल और दिमाग दोनों को छू पाती हैं। मेरा मानना है कि अस्सी ऐसी ही एक फिल्म है। एक स्तर पर, यह एक गहरी भावनात्मक कहानी है जो आम लोगों को प्रभावित करेगी। लेकिन दूसरे स्तर पर, यह कुछ गंभीर सवाल छोड़ जाती है। यह आसान जवाब नहीं देती। बल्कि, यह उन सवालों को समाज के सामने रखती है।’
‘बेहद सुंदर और प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया’
अख्तर ने आगे कहा, ‘जो भी गहराई से सोचता है, जो अपने आसपास घट रही घटनाओं पर ध्यान देता है, वह इस फिल्म को देखने के बाद इस पर विचार करेगा। इसे बेहद सुंदर और प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया है। अंततः यह फिल्म दर्शकों के मन में जवाब और सवाल दोनों छोड़ जाती है।’
कुकिंग शो ‘मास्टर शेफ’ के जज रणवीर बरार ने भी की तारीफ
वहीं कुकिंग शो ‘मास्टर शेफ’ के जज रणवीर बरार ने भी फिल्म की खुलकर तारीफ की और कहा कि विजुअली फिल्म को बहुत मजबूत तरीके से बनाया गया है, जो आपको सोचने पर मजबूर करती है। सिनेमाघरों में रिलीज के साथ ही ‘अस्सी’ को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 1 करोड़ की कमाई की थी, जबकि दूसरे और तीसरे दोनों दिन फिल्म ने 3.20 करोड़ रुपए की कमाई की। हालांकि, इसके बाद से फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखी गई।
फिल्म के प्रमोशन की कमी बताई जा रही वजह
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का बजट 30 करोड़ है। बजट के हिसाब से फिल्म अभी तक एक चौथाई भी कमाने में कामयाब नहीं रही है, फिर भी लोग फिल्म की तारीफ से खुद को रोक नहीं पा रहे। माना जा रहा है कि फिल्म के फ्लॉप होने का कारण फिल्म के प्रमोशन की कमी नहीं करना है। फिल्म व्यापार विशेषज्ञ की मानें तो अस्सी में स्टार पावर की कमी है और फिल्म का प्रमोशन भी सही तरीके से नहीं किया गया।
इस फिल्म ‘अस्सी’ की कहानी बेहद विचलित करने वाली
बता दें कि अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ‘अस्सी’ की कहानी बेहद विचलित करने वाली है। फिल्म ‘अस्सी’ की कहानी हमारी सामाजिक और लचर कानून व्यवस्था पर भी प्रहार करता है। ये कहानी एक टीचर परिमा (कनी कुसुरुति) की है, जो अपने पति विनय (मोहम्मद जीशान अय्यूब) और बेटे के साथ एक सामान्य और खुशहाल जिंदगी जी रही होती है।
अचानक एक रात बदल जाती है टीचर की जिंदगी
वहीं एक रात अचानक दर्द में बदल जाती है। दोस्त की सेंड-ऑफ पार्टी से लौटते वक्त मेट्रो स्टेशन के बाहर पांच लड़के उसे जबरदस्ती गाड़ी में उठा लेते हैं और चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म करते हैं और अधमरी हालत में पटरियों पर फेंक देते हैं। इस घटना के बाद एक अजनबी उसे अस्पताल पहुंचाता है। पुलिस शुरुआती जांच में चार आरोपियों को पकड़ती है और विनय के दोस्त कार्तिक (कुमुद मिश्रा) के जरिए ये केस वकील रावी (तापसी पन्नू) तक पहुंचता है। उधर आरोपी युवक का पिता दीपराज (मनोज पाहवा) अपने बेटे को बचाने के लिए सबूतों को मैनेज करवा देता है।
कार्तिक छतरी मैन बनकर कानून अपने हाथ में ले लेता है
दूसरी तरफ कार्तिक खुद अपनी पत्नी की हादसे में हुई मौत के ट्रॉमा से गुजर रहा होता है जब वह देखता है कि परिमा को इंसाफ मिलने के बजाय उसका मखौल बनाया जा रहा है, तो वह छतरी मैन बनकर कानून अपने हाथ में ले लेता है और अपराधियों का खात्मा करने निकल पड़ता है।
‘अस्सी’ में कौन-कौन से कलाकार
‘अस्सी’ तापसी और अनुभव सिन्हा की तीसरी फिल्म है जिसमें दोनों ने साथ काम किया है। इससे पहले वे ‘मुल्क’ (2018) और ‘थप्पड़’ (2020) में साथ काम कर चुके हैं। फिल्म में मोहम्मद जीशान अय्यूब, कुमुद मिश्रा, रेवती, मनोज पाहवा, नसीरुद्दीन शाह , सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे प्रतिभाशाली कलाकार हैं।














