Love from 9 to 5 (January 1)
नए साल के पहले ही दिन, गुरुवार 1 जनवरी को ‘लव फ्रॉम 9 टू 5‘ रिलीज हुई है। यह एक मैक्सिकन सीरीज है, कहानी मैक्सिको के एक ऑफिस की है। जहां स्प्रेडशीट और HR के नियमों के बीच उलझी एक मेहनती एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट ग्रेसिएला (एना गोंजालेज बेल्लो) है। उसे करियर में आगे बढ़ना है और अपनी अंडरगारमेंट कंपनी में CEO बनना है। इस बीच वह एक रात माटेओ (डिएगो क्लेन) से टकराती है। यह हैंडसम लड़का उसका दिल चुराता है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब पता चलता है माटेओ उसके बॉस का बेटा है। अब कहानी ऑफिस राइवल्स की बन जाती है, क्योंकि माटेओ भी उसके साथ दफ्तर में है और वो भी कंपनी का बॉस बनने की रेस में है। यह रोमांटिक कॉमेडी देखते ही देखते बोर्डरूम की राजनीति और दोनों किरदारों के बीच एक अजीब लेकिन मजेदार केमिस्ट्री की कहानी बन जाती है। यह सीरीज ‘लव फ्रॉम 9 टू 5’ आप Netflix पर देख सकते हैं।
Spring Fever (January 5)
‘स्प्रिंग फीवर’ में रोमांस का रंग थोड़ नरम और ज्यादा सुकून देने वाला है। यह इसी नाम के एक पॉपुलर नॉवेल पर आधारित है। कहानी में एक टीचर यून बॉम (ली जू-बिन) है, जो सियोल में अपने एक दर्दनाक अनुभव के बाद एक छोटे शहर शिनसू-यूप में वापस लौटती है। वहां लोग उसे ज्यादा नोटिस नहीं करते। यून की मुलाकात यहां जेके पावर एनर्जी के सीईओ सियोन जे क्यू से होती है। जो बाहर से तो सख्त दिखता है, लेकिन दयालु स्वभाव का है। उसका एक टीनएज भतीजा भी है। इस किरदार को आन बो-ह्यून ने निभाया है। यून बॉम की इमोशनल कमजोरी, और सख्त मिजाज बिजनेसमैन के बीच प्यार की चिंगारियां उड़ने लगती हैं। अब यह आगे कौन सा रंग लेती है, यह जानने के लिए आपको यह सीरीज देखनी पड़ेगी। आप इसे Prime Video पर देख सकते हैं।
Can This Love Be Translated (January 16)
‘कैन दिस लव बी ट्रांसलेटेड?’ एक ऐसी सीरीज है, जिसका के-ड्रामा पसंद करने वालों को लंबे समय से इंतजार था। हांग सिस्टर्स की लिखी इस कहानी में किम सेओन-हो एक इंटरप्रेटर की भूमिका में हैं। वह एक इंटरनेशनल सुपरस्टार चा मू ही (गो यून-जंग) के साथ काम करना शुरू करता है। कई भाषाओं को समझने के बावजूद, दोनों एक-दूसरे की भावनाओं को समझ नहीं पाते। वह एक डेटिंग टीवी शो की शूटिंग के लिए सेट पर उसके साथ जाता है, जहां कई लोगों से मुलाकात होती है। अलग-अलग पर्सनैलिटी और प्यार के बारे में अलग-अलग सोच के कारण, वे आपस में टकराते हैं। लेकिन जल्द ही एक-दूसरे को समझने लगते हैं। ‘कैन दिस लव बी ट्रांसलेटेड?’ आप Netflix पर देख सकते हैं।
No Tail To Tell (January 16)
फैंटेसी कहानियों के दीवानों के लिए ‘नो टेल टू टेल’ एक परफेक्ट चॉइस है। इसमें किम हे-यून एक गुमिहो (नौ पूंछ वाली लोमड़ी) का रोल निभा रही हैं, जिसे इंसान बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। लेकिन उसकी बेफिक्र जिंदगी तब बदल जाती है, जब वह एक मशहूर फुटबॉलर से मिलती है। यह रोल लोमोन ने निभाया है। एक अचानक हुई घटना दोनों को एक-दूसरे के सामने ला खड़ा करती है। किम हे-यून घोर निराशा के बावजूद इंसान बन जाती है। आगे मजेदार घटनाओं का सिलसिला शुरू होता है, जो दोनों को एक-दूसरे के करीब लाता है। ‘नो टेल टू टेल’ आप Netflix पर देख सकते हैं।













