एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, वैंटोर ने 28 जनवरी को इस एयरबेस की तस्वीरें ली हैं। इसमें हैंगर की क्षतिग्रस्त छत के कुछ हिस्से हटे हुए दिख रहे हैं। यह इसमें पुनर्निर्माण का काम शुरू होने का संकेत देता है। मरम्मत के काम में नई छत, संरचनात्मक मजबूती और मलबे की सफाई शामिल है। खासतौर से छत को हटाकर दोबारा डाला जा रहा है।
10 मई को हुआ था भोलारी पर हमला
भोलारी में हैंगर पर 10 मई, 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच हमला किया गया था। भारतीय वायुसेना ने तब पिछले दो दिनों में बड़े पैमाने पर ड्रोन घुसपैठ और पाक एयर फोर्स के भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिशों के जवाब में पाकिस्तान की सेना के ठिकानों पर अपने हमलों को बढ़ाया था।
भारतीय वायु सेना ने 9 मई की रात को हमले शुरू करते हुए 10 पाकिस्तानी ठिकानों और सुविधाओं पर अटैक किया था। 10 मई को सुबह 2 बजे से 5 बजे के बीच चकलाल, रावली, रफीकी, रहीम यार खान, सुक्कुर, मुरीद और नयाचोर में पाक फौज के ठिकानों पर हमला किया। इसके बाद सरगोधा, भोलारी और जैकोबाबाद पर हमला हुआ।
भोलारी में हुई थी भारी तबाही
भारतीय एयर फोर्स के हमले में पाकिस्तान को भोलारी में काफी ज्यादा नुकसान हुआ था। यहां उसका इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस विमान या एक एयरबोर्न अर्ली वार्निंग विमान गिर गया था। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने भोलारी पर हमले में पाकिस्तानी एयरफोर्स के पांच कर्मी और एक अधिकारी की मौत की बात कही थी।














