सिद्धांत चतुर्वेदी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘गली बॉय’ से की थी, जिसमें उनके अभिनय को काफी सराहना मिली। इस फिल्म ने उन्हें रातों-रात पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने ‘गहराइयां’, ‘खो गए हम कहां’ और ‘धड़क 2’ जैसी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और साबित किया कि वे सिर्फ एक ही तरह की भूमिका तक सीमित नहीं हैं।
‘मैंने बलिया की जिंदगी को करीब से देखा’
अब अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर सिद्धांत ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ‘भले ही अभी फिल्म की ऑफिशियल घोषणा नहीं हुई है लेकिन मैं इस बारे में बात करना चाहता हूं। मैंने बलिया की जिंदगी को करीब से देखा और जिया है। वहां के लोग, वहां की संस्कृति, संघर्ष और सपने, इन सबका अनुभव मैंने खुद किया है। इसलिए मैं चाहता हूं कि इन असली अनुभवों को ईमानदारी से पर्दे पर उतारा जाए। मेरा मानना है कि जब कहानी अपने जीवन से जुड़ी हो, तो उसमें सच्चाई अपने आप आ जाती है।’
इसे सही समय पर दर्शकों के सामने लाने की तैयारी
इस फिल्म के लिए सिद्धांत मशहूर निर्देशक अभिषेक चौबे के साथ काम कर रहे हैं। सिद्धांत ने बताया, ‘हम दोनों मिलकर एक दमदार और खास कहानी पर काम कर रहे हैं। इस कहानी को लेकर काफी चर्चा चल रही है और टीम इसे सही समय पर दर्शकों के सामने लाने की तैयारी में है। यह कमाल की कहानी है। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को जरूर पसंद आएगी।’
पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की थी ख्वाहिश
बता दें कि बलिया में जन्मे सिद्धांत केवल 5 साल की उम्र में मुंबई चले गए। उन्होंने मुंबई के मिठीबाई कॉलेज में पढ़ाई की। हालांकि, वो पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना चाहते थे लेकिन एक्टिंग को लेकर भी खास जुनून था जिसकी वजह से वो मंच पर भी काम करते थे। सीए के अपने प्रशिक्षण के दौरान, उन्होंने कुछ समय का अवकाश लिया, जिसके दौरान उन्होंने 2013 में टाइम्स ऑफ इंडिया के फ्रेश फेस कॉन्टेस्ट में भाग लिया और जीत हासिल की।
कुछ समय के लिए फिल्म इंडस्ट्री से बाहर
बताया जाता है कि उन्होंने ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन – शिव’ (2022) में एक छोटी भूमिका के लिए ऑडिशन दिया और सिलेक्ट हो गए। हालांकि, अपने पिता की सलाह पर चतुर्वेदी ने फिल्म करने से इनकार कर दिया। उन्हें फिल्म मेकर करण जौहर ( धर्मा प्रोडक्शंस) ने तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट का ऑफर दिया , जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। इसके बाद, उन्होंने दावा किया कि छोटी भूमिकाएं करने से इनकार करने की वजह से उन्हें कुछ समय के लिए फिल्म इंडस्ट्री से बाहर कर दिया गया था।














