बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने पुष्टि की
चुनाव आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने सोमवार को इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, “हमें बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान का बोगरा-6 सीट छोड़ने का पत्र प्राप्त हुआ है। राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से सीट को रिक्त घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है।” सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन मंगलवार दोपहर को जातीय संसद के साउथ प्लाजा में नये मंत्रिमंडल सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।
तारिक रहमान ने बोगरा-6 सीट से इस्तीफा क्यों दिया?
तारिक रहमान ने 13वां राष्ट्रीय संसदीय चुनाव दो सीटों ढाका-17 और बोगरा-6 से लड़ा था। उन्हें इन दोनों सीटों पर जीत मिली थी। हालांकि, बांग्लादेश की लोक प्रतिनिधित्व आदेश (आरपीओ) की धारा 19(1)(खा) के तहत, एक उम्मीदवार अधिकतम तीन निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ सकता है। धारा 19(2) के अनुसार, अगर कोई उम्मीदवार एक से अधिक सीटें जीतता है, तो उसे राजपत्र अधिसूचना के 30 दिनों के भीतर चुनाव आयोग को लिखित रूप में यह सूचित करना होगा कि वह कौन सी सीट बरकरार रखना चाहता है।
ढाका-17 सीट का प्रतिनिधित्व करेंगे तारिक रहमान
यदि कोई विकल्प सूचित नहीं किया जाता है, तो चुनाव आयोग किसी भी एक सीट को बरकरार रख सकता है और अन्य सीटों को रिक्त घोषित कर सकता है। ऐसे में किसी भ्रम की स्थिति से बचने और संविधान के अनुसार, तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री बनने से पहले बोगरा-6 सीट से इस्तीफा दे दिया है। अब वह सिर्फ ढाका-17 सीट का प्रतिनिधित्व करेंगे।
तारिक रहमान को कितने वोट मिले?
12 फरवरी के चुनाव में, तारिक ने 72,699 वोटों के साथ ढाका-17 जीता, बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार एसएम खालिदुज्जमां को हराया। एसएम खालिदुज्जमां को 68,300 वोट मिले। वहीं, तारिक रहमान ने बोगरा-6 में 216,284 वोटों के साथ जीत हासिल की और जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार आबिदुर रहमान सोहेल को हराया, जिन्हें 97,626 वोट मिले थे।














