तुर्की के राजदूत ने श्रीलंका में क्या कहा
राजदूत सेमिह लुटफू तुर्गुट ने पाथफाइंडर फाउंडेशन के एक कार्यक्रम में कहा कि रक्षा खरीद तुर्की और श्रीलंका के बीच सहयोग का एक क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई सेना समुद्री निगरानी जैसे उद्देश्यों के लिए तुर्की के ड्रोन का इस्तेमाल कर सकती है। तुर्की के राजदूत ने यह भी कहा कि उन्होंने श्रीलंकाई रक्षा अधिकारियों को इसका प्रस्ताव दिया था, लेकिन अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है।
तुर्की श्रीलंका को कौन सा ड्रोन देगा
तुर्की के राजदूत ने अपने भाषण के दौरान किसी एक ड्रोन का नाम नहीं लिया। इसके बावजूद उम्मीद जताई जा रही है कि यह ड्रोन तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के दामाद की कंपनी बायकर की बनाई गई बायराकटार परिवार के ड्रोन में से एक होगा। श्रीलंका इन निगरानी ड्रोन का इस्तेमाल समुद्री सुरक्षा और अवैध तस्करी की निगरानी में कर सकता है। ऐसे में माना जा रहा है कि तुर्की ने श्रीलंका को बायराकटार TB2 ड्रोन की पेशकश की होगी। यह तुर्की का सबसे प्रसिद्ध निर्यात है, जो यूक्रेन, लीबिया और नागोर्नो-काराबाख युद्ध में शामिल हो चुका है।
श्रीलंका पर डोरे डाल रहा तुर्की
तुर्की और श्रीलंका के संबंध काफी पुराने नहीं हैं। 2013 में कोलंबो में तुर्की दूतावास खुलने के बाद दोनों देशों में द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और कूटनीतिक सहयोग बढ़ा है। इसके बावजूद श्रीलंका की रणनीतिक स्थिति के कारण तुर्की लगातार इस देश पर डोरे डाल रहा है। पिछले साल जून में तु्र्की की नौसेना का एक युद्धपोत TCG बुयुकाडा श्रीलंका पहुंचा था। दोनों देशों में पर्यटन भी काफी तेजी से बढ़ रहा है। इसके अलावा श्रीलंका लंबे समय से तुर्की को चाय का निर्यात करता है।













