भारत-इजरायल नए रक्षा समझौते पर करेंगे हस्ताक्षर
WION को दिए एक इंटरव्यू में भारत में इजरायल के राजदूत रियूवेन अजार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के एक अहम दौरे पर जाने वाले हैं, जहां भारत और इजरायल के एक अपडेटेड सिक्योरिटी एग्रीमेंट पर साइन करने की उम्मीद है। अजार ने बदलते वैश्विक खतरों से निपटने में इस एग्रीमेंट की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “भारत और इजरायल के लिए खतरे एक जैसे हैं। हम चैलेंज शेयर करते हैं। हम उनसे निपटने के लिए पक्के इरादे वाले हैं।” अजार ने इस बात पर जोर दिया कि यह समझौता नई टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र में गहरे सहयोग को बढ़ाएगा।
भारत-इजरायल संबंधों की तारीफ की
इजरायली राजदूत ने यह भी कहा, “पीएम मोदी इजरायल के प्राइवेट सेक्टर की कंपनियों से मिलेंगे, क्वांटम AI डिज़ाइनर पर नई टेक्नोलॉजी के बारे में बात करेंगे, हम एक-दूसरे के कॉम्प्लिमेंट हैं।” पीएम मोदी इजरायल में संसद को भी संबोधित करेंगे और इजरायल के होलोकॉस्ट मेमोरियल याद वाशेम भी जाएंगे। इस पर इजरायली राजदूत अजार ने कहा, “हमें खुशी है कि इससे दोनों काम हो रहे हैं।” याद वाशेम में रुकना दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक सेंसिटिविटी और आपसी सम्मान को दिखाता है।
नेतन्याहू ने क्या कहा
भारत को एक वैश्विक शक्ति और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना मित्र बताते हुए, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को पश्चिम एशिया और इसके आसपास के क्षेत्रों में एक हैक्सागन गठबंधन की अपनी परिकल्पना के बारे में बात की, जिसमें भारत भी शामिल होगा। नेतन्याहू ने साप्ताहिक कैबिनेट बैठक की शुरुआत में कहा, ‘‘हाल के वर्षों में इजरायल और ‘वैश्विक शक्ति’ भारत के बीच, तथा मेरे और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बने विशेष संबंधों को इस सप्ताह अभिव्यक्त किया जाएगा।’’













