खेल मंत्री ने सुरक्षा की तैयारी पर जानकारी दी
श्रीलंका के खेल मंत्री सुनील कुमार गामगे ने एएफपी को सुरक्षा तैयारियों के बारे में बताया, ‘जब वे एयरपोर्ट से बाहर निकलेंगे और जब तक वे अपने एयरक्राफ्ट में वापस नहीं चले जाते, तब तक उन्हें हथियारबंद गार्ड्स सुरक्षा देंगे। श्रीलंका ने टूर्नामेंट को सुचारू रूप से चलाने को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी है और भारत-पाकिस्तान मैचों पर खास ध्यान दिया जा रहा है।’
पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा। बांग्लादेश ने शेड्यूल जारी होने के बाद अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करवाने की मांग की थी। आईसीसी ने इसे रिजेक्ट करते हुए उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। भारत-बांग्लादेश विवाद के दौरान श्रीलंका ने पूरी तरह चुप्पी साधे रखी। क्रिकेट सेक्रेटरी बंदुला दिसानायके ने एएफपी को बताया कि कोलंबो क्षेत्रीय विवादों में शामिल होने से बचना चाहता है। उन्होंने कहा- भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच इन विवादों में हम न्यूट्रल रह रहे हैं। ये सभी दोस्ताना देश हैं।
श्रीलंका के तीन मैदानों पर मुकाबले होंगे
भारत के साथ श्रीलंका टूर्नामेंट का को-होस्ट है। श्रीलंका के तीन मैदानों पर टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें आर प्रेमदासा स्टेडियम के साथ सिंहली स्पोर्ट्स क्लब और पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला श्रीलंका में ही होगा। पाकिस्तान की टक्कर 7 फरवरी को नीदरलैंड से होगी।














