पुलिस के मुताबिक, यह मामला एलमकुलम में एक महिला के आवास में कथित तौर पर जबरन घुसने और उसका यौन शोषण करने से जुड़ा है। इस संबंध में फिल्म निर्देशक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और 75 (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
‘मंजुम्मेल ब्वॉयज’ के डायरेक्टर पर आरोप
अधिकारियों के अनुसार, मामला दर्ज करने से पहले शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माता को पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। हालांकि, चिदंबरम ने अभी तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने दो हिट फिल्मों, ‘जन-ए-मन’ (2021) और ‘मंजुम्मेल ब्वॉयज’ (2024) का निर्देशन किया है।
‘मंजुम्मेल ब्वॉयज’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
चिदंबरम एस. पोडुवल की डायरेक्टेड फिल्म‘मंजुम्मेल ब्वॉयज’ करीब 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर भारत में 141.61 करोड़ रुपये का नेट और 167.1 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। वर्ल्डवाइड इसने 240.5 करोड़ रुपये और ओवरसीज 73.4 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। जिससे ये सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पहली मलयालम फिल्म भी बनी थी। मगर जब 2025 में L2: एम्पुरान रिलीज हुई तो इसने इसे पछाड़ दिया था और वह दूसरी सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली मलयालम मूवी बनी थी।
‘मंजुम्मेल ब्वॉयज’ ने जीते अवॉर्ड
‘मंजुम्मेल ब्वॉयज’ ने केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड्स में भी सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीतकर रिकॉर्ड बनाया था। इसे बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट स्क्रीनप्ले समेत अन्य कैटगरी में 10 पुरस्कार मिले थे। इतना ही नहीं, इसने बेस्ट मलयालम फिल्म कैटगरी में 2026 में फिल्मफेयर अवॉर्ड भी अपने नाम किया था। ये मूवी 2006 की एक सच्ची घटना पर आधारित है, जिसे आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।













