एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, ‘होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है। यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है। हर तरफ जिस प्रकार खुशियों के रंग बिखरे नजर आते हैं, वो हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर जाता है।’
उन्होंने होली के अवसर पर ‘संस्कृत सुभाषितम्’ भी शेयर किया और लिखा, ‘उद्भिन्नस्तबकावतंससुभगाः प्रे खन्मरुन्नर्तिताः, पुष्पोद्गीर्णपरागपांशुललसत्पत्रप्रकाण्ड त्विषः। गम्भीरक्रमपञ्चमोन्मदपिकध्वानोच्छलद्गीतयः, प्रत्युज्जीवितमन्मथोत्सव इव क्रीडन्त्यमू भूरुहः॥’ ‘संस्कृत सुभाषितम्’ में कहा गया है, ‘वसंत की मनमोहक हवा के झोंकों से जैसे सुंदर कमल खिल उठते हैं, वैसे ही रंग-बिरंगे फूलों और सुगंध से सजे हुए प्रेम का भव्य उत्सव पूरे आनंद से फैल रहा है। चारों ओर मधुर गीत गूंज रहे हैं, जो मानो जीवन में फिर से नई चेतना जगा रहे हैं।’
- इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पोस्ट किया, ‘रंगों का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।’
- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने होली की शुभकामनाएं देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘यह खूबसूरत त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत और बसंत के आने का जश्न मनाता है, जो हमारी सभ्यता की नई शुरुआत, उम्मीद और जोश का प्रतीक है।’
- उन्होंने आगे लिखा, ‘हमारी समृद्ध परंपराओं में गहराई से जुड़ी होली भाईचारे, आपसी सम्मान और साझा खुशी को दिखाती है जो हमारे समाज के ताने-बाने को मजबूत करती है। होली के रंग हर दिल को खुशी और नई ऊर्जा से भर दें। यह त्योहार हमें सद्भाव फैलाने और अधिक समावेशी, शांतिपूर्ण व ‘विकसित भारत’ के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा दे।’













