पारस डोगरा ने केवी अनीश को मारा सिर
यह घटना जम्मू कश्मीर की पारी के 101वें ओवर के दौरान हुई। यह ओवर कर्नाटक की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा डाल रहे थे। जम्मू कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा के बल्ले का एज लेकर एक गेंद चौके के लिए चली गई। इसके बाद सब्स्टीट्यूट फील्डर केवी अनीश के साथ डोगरा की कुछ बातचीत हुई, जो फॉर्वर्ड शॉट लेग पर खड़े थे।
बातों-बातों में माहौल ज्यादा गरमा गया। इसके बाद पारस डोगरा ने अनीश के सिर पर सिर मार दिया। यह देख टीम के अनुभवी खिलाड़ी मयंक अग्रवाल तुरंत दौड़े और पारस डोगरा को गुस्से में काफी कुछ बोला। इसके बाद अंपायर भी बीच बचाव करने आ गए। केएल राहुल ने भी जम्मू कश्मीर के कप्तान से बात की।
ओवर खत्म होने के बाद अनीश से पारस डोगरा ने माफी मांगी। लेकिन कर्नाटर का खिलाड़ी उनकी माफी को मंजूर नहीं किया। इस पूरे मामले की वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें देखा जा सकता है कि कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने भी इस मामले के बाद अंपायर से बातचीत की।
कुछ ऐसा चल रहा है मैच
जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। खबर लिखने तक जम्मू कश्मीर ने 142 ओवर में 5 विकेट पर 469 रन बना लिए हैं। साहिल लोटरा 26 तो पारस डोगरा 69 रन बनाकर नाबाद हैं। शुभम पुंडीर ने शतक जड़ते हुए 121 रन की पारी खेली। प्रसिद्ध कृष्णा अब तक कर्नाटक के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, उन्होंने कुल 3 विकेट लिए हैं।













