व्हीलचेयर पर शशि थरूर
संसद के वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किए गए लोकसभा के आठ सदस्यों ने सोमवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। खास बात रही कि इस विरोध प्रदर्शन में तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी पहुंचे। शशि थरूर ने व्हीलचेयर पर पहुंच कर इन सदस्यों का समर्थन किया। इन सांसदों ने संसद के मकर द्वार के निकट सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। इन सांसदों ने हाथ में एक बड़ा बैनर ले रखा था जिस पर ‘यू कैन सस्पेंड अस, बट यू कैन नॉट साइलेंस अस’ (आप हमें निलंबित कर सकते हैं, लेकिन चुप नहीं करा सकते) लिखा हुआ था।
लोकसभा से 8 सदस्यों का निलंबन
लोकसभा में हुए भारी हंगामे के बाद 3 फरवरी को कांग्रेस के सात और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक सांसद सहित आठ विपक्षी सदस्यों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था। इन सभी सांसदों पर ‘अशोभनीय व्यवहार’ का आरोप लगा था। इन निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के एस. वेंकटेशन शामिल हैं।














