पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है। यह पर्व हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। पारतन्त्र्याभिभूतस्य देशस्याभ्युदयः कुतः। अतः स्वातन्त्र्यमाप्तव्यमैक्यं स्वातन्त्र्यसाधनम्॥’
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारा संविधान हर भारतीय का सबसे बड़ा हथियार है – यही हमारी आवाज़ है, हमारे अधिकारों का सुरक्षा-कवच। इसी की मज़बूत नींव पर हमारा गणतंत्र खड़ा है जो समानता और सौहार्द से ही सशक्त होगा। संविधान की रक्षा ही, भारतीय गणतंत्र की रक्षा है – हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को सच्ची श्रद्धांजलि है। जय हिंद! जय संविधान!’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एक्स पर ट्वीट कर लिखा, ‘स्वतंत्र भारत के इतिहास में ये एक अनूठा गणतंत्र दिवस है, जब तारीख़ भी 26 है साल भी 26 है। इसीलिए इस विशेष गणतंत्र दिवस की विशेष बधाई और शुभकामनाएँ! आइए इस विशेष गणतंत्र दिवस पर देश के गणतंत्र के आधार जनतंत्र और उसके आधार ‘संविधान’ की रक्षा का विशिष्ट संकल्प उठाएं।’
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस अवसर पर सभी स्वाधीनता सेनानियों व मजबूत लोकतंत्र की नींव रखने वाले संविधान निर्माताओं को नमन करता हूं। आइए, मोदी जी के नेतृत्व में संवैधानिक मूल्यों को और सशक्त बनाते हुए ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प लें।’
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं! आज, हम उस संविधान में अपने विश्वास को फिर से पक्का करते हैं जो हमारे लोकतंत्र, एकता और राष्ट्रीय चरित्र को परिभाषित करता है। हम उन दूरदर्शी लोगों का सम्मान करते हैं जिन्होंने हमारे गणतंत्र को आकार दिया और उन बहादुर बेटों और बेटियों को सलाम करते हैं जो साहस और बलिदान के साथ इसकी रक्षा करते हैं। आइए, एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील भारत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ आगे बढ़ें। जय हिन्द!’
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, ‘इस राष्ट्रीय पर्व पर आइए हम महान स्वाधीनता संग्राम सेनानियों का स्मरण करें और हमारे संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति कटिबद्ध रहने की प्रतिज्ञा करें।’
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, ‘प्रदेश वासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हम सभी का राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और विकास के प्रति समर्पण हमारे लोकतंत्र को सशक्त एवं मजबूत बनाता है। आइए, अपने अमर सेनानियों को स्मरण करने के साथ, संविधान के आदर्शों से प्रेरित होकर एक ‘सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण हेतु संकल्पित हों। जय हिंद!’
अमेरिका के विदेश मंत्री रुबियो ने भारत को दी शुभकामनाएं
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और रक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद (क्वाड) के तहत किए जा रहे सहयोग की सराहना की। रुबियो ने कहा कि अमेरिका-भारत संबंध रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों पर निकट सहयोग के जरिए दोनों देशों के लिए और ‘चतुर्भुज सुरक्षा संवाद’ (क्वाड) के माध्यम से हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए ‘ठोस नतीजे’ दे रहे हैं। अमेरिकी नेता ने 26 जनवरी को मनाए जा रहे गणतंत्र दिवस पर भारत के लिए एक विशेष संदेश दिया। रुबियो ने रविवार को कहा, ‘अमेरिका के लोगों की ओर से, मैं भारत के लोगों को उनके गणतंत्र दिवस पर हार्दिक बधाई देता हूं।’
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका के समूह का उल्लेख करते हुए कहा, ‘अमेरिका और भारत के बीच एक ऐतिहासिक संबंध है। रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और उभरती प्रौद्योगिकियों पर हमारे निकट सहयोग से लेकर क्वाड के जरिए हमारी बहु-स्तरीय सहभागिता तक, अमेरिका-भारत संबंध हमारे दोनों देशों के लिए और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए वास्तविक परिणाम दे रहे हैं।’














