प्रभास और तृप्ति डिमरी स्टारर ‘स्पिरिट’ अगले साल 5 मार्च, 2027 को थिएटर्स में दस्तक देगी। जनवरी, 2026 में इसकी रिलीज डेट का ऐलान मेकर्स ने किया था। साथ ही प्रभास का एक पोस्टर भी जारी किया था, जिसमें उनके शरीर पर जख्म थे और उस पर बैंडेज लगे हुए थे। वहीं, एक्ट्रेस सिगरेट जलाती हुई दिखी थीं।
‘स्पिरिट’ में विवेक ओबेरॉय
अब विवेक ओबेरॉय का दमदार लुक जारी किया गया है। पहली झलक में वह पहचान में नहीं आ रहे हैं। मुंह में सिगार लिए और बाथरोब के साथ काला चश्मा पहने वह कमाल के लग रहे हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘अंधेरे में छिपा एक रहस्य और वो आंखें जो सबसे गहरे राज़ याद रखती हैं। 5 मार्च, 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में।’ उन्हें यूं देख उनके फैंस खुशी से झूम उठे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘वह इस तरह का कमबैक डिजर्व करते हैं।’ एक ने लिखा, ‘पहली नजर में पहचान ही नहीं पाया… शानदार लुक सर!’
‘स्पिरिट’ के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर
ये फिल्म आठ भाषाओं में देश-दुनिया के थिएटर्स में उतारी जाएगी। इसका प्रोडक्शन भूषण कुमार, प्रणय रेड्डी वांगा, कृष्ण कुमार और प्रभाकर रेड्डी वांगा ने सम्भाला है। बजट 300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। डायरेक्टर ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि फिल्म पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी। हालांकि इस भविष्यवाणी के सच होने में अभी लंबा समय है।
प्रभास की फिल्में और कलेक्शन
अगर ‘स्पिरिट’ सुपरहिट होती है तो प्रभास के करियर में चार चांद जरूर लगेंगे क्योंकि उनकी फिल्में पिट रही हैं। हाल ही में आई ‘राजा साब’ भी दर्शकों को कुछ खास एंटरटेन नहीं कर सकी। भारत में इसने 146.04 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 208.29 करोड़ रुपये कमाकर फ्लॉप साबित हुई। इसके पहले ‘आदिपुरुष’ के साथ भी ऐसा ही हुआ था। 500 करोड़ रुपये में बनी इस मूवी ने भारत में 288.15 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 393 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। जबकि ‘सालार’ जो 200 करोड़ के बजट में बनी थी, उसने भारत में 406.45 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 617.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।














