पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि पाकिस्तान एयर फोर्स ने ‘ऑपरेशन गजाब लिल हक’ के तहत हवाई हमले किए हैं। जिसमें अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत के अंदर मिलिटेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक नए ऑपरेशन के दौरान काबुल में दो ब्रिगेड हेडक्वार्टर तबाह कर दिए गए हैं। पीटीवी न्यूज ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से कहा है कि कंधार में हवाई हमलों में एक कोर हेडक्वार्टर और एक ब्रिगेड हेडक्वार्टर के साथ-साथ एक एम्युनिशन डिपो और एक लॉजिस्टिक्स बेस तबाह हो गया है। पक्तिया में, हवाई ऑपरेशन के दौरान तालिबान का एक कोर हेडक्वार्टर भी तबाह हो गया। पाकिस्तान टीवी के मुताबिक:-
- कंधार में तालिबान ब्रिगेड हेडक्वार्टर और एम्युनिशन डिपो
- वली खान सेक्टर में तालिबान पोस्ट
- शावल सेक्टर के पास पक्तिका में तालिबान पोस्ट
- बाजौर सेक्टर में तालिबान पोस्ट
- अंगूर अड्डा में तालिबान पोस्ट पर हमला किया गया है।
पाकिस्तान के हमले में तालिबान का भारी नुकसान
पाकिस्तान के सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि हाल के हवाई हमलों के बाद पाकिस्तानी जेट कंधार के ऊपर हवाई गश्त कर रहे हैं सूत्रों ने आगे कहा, “सटीक हवाई हमले करने के बाद हमारे विमान अब कंधार के हवाई क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तानी सेना किसी भी हमले का मजबूती से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। सूत्रों ने आगे कहा कि सिक्योरिटी फोर्स तोर्खम बॉर्डर पर तालिबान फोर्स के खिलाफ मजबूत और असरदार ऑपरेशन कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा है कि पाक सेना ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के पास दक्षिणी वजीरिस्तान में शावाल सेक्टर के पास एक तालिबान पोस्ट पर सफलतापूर्वक कब्ज़ा कर लिया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने X पर एक बयान में कहा है कि “पाकिस्तानी सेना ने जवाबी हमले की इजाज़त दी है और अफगान हमले के जवाब में कई बार हमले किए हैं।” प्रवक्ता के मुताबिक “कुल 133 अफगान तालिबान के मारे जाने की पुष्टि हुई है, 200 से ज्यादा घायल हैं। काबुल, पक्तिया और कंधार मिलिट्री ठिकानों पर हुए हमलों में और भी कई लोगों के मारे जाने का अनुमान है।” ज़ैदी ने मिलिट्री जवाब के पैमाने पर जोर देते हुए दावा किया है कि “27 तालिबान चौकियां तबाह कर दी गई हैं और नौ और पर हमारे सिक्योरिटी फोर्स ने कब्ज़ा कर लिया है।”














