‘कल्कि 2898 AD’ एक साइंस-फिक्शन फिल्म थी, जिसमें अमिताभ और कमल हासन के अलावा दीपिका पादुकोण और प्रभास लीड रोल में थे। इसे काफी पसंद किया गया था और ‘पिंकविला’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अब दूसरे पार्ट की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है। शूटिंग कमल हासन और अमिताभ बच्चन के साथ हुई। पहले यही दोनों दिग्गज स्टार्स अपने हिस्से के सीन्स शूट कर रहे हैं। फिल्म का सेट अभी तेलंगाना के शंकरपल्ली में लगा हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल में अभी जो सीन्स शूट किए जा रहे हैं, उनमें प्रभास नहीं हैं, तो इसलिए एक्टर बाद में शूट शुरू करेंगे। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
क्या है ‘कल्कि 2898 AD’ की कहानी?
‘कल्कि 2898 AD’ की शुरुआत महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध के अंत से होती है, जो 3102 ईसा पूर्व में कलियुग के प्रारंभ का प्रतीक है। युद्ध के बाद, भगवान कृष्ण ने अश्वत्थामा को भगवान विष्णु के अंतिम अवतार की रक्षा का दायित्व सौंपा था। छह हजार साल बाद, 2898 ईस्वी में, जब दुनिया एक क्रूर और भयावह समाज में परिवर्तित हो गई, जिस पर सुप्रीम यस्किन का शासन है, वह खुद को देवता मानता है। जहां ज्यादातर लोग इस उम्मीद में यस्किन को खुश करने की कोशिश करते हैं ताकि उसकी जमीन पर उन्हें अधिकार मिल जाए, वहीं कुछ लोग उसके अत्याचार के खिलाफ विद्रोह कर देते हैं।
‘कल्कि 2898 AD’ का कलेक्शन
‘कल्कि 2898 AD’ के कलेक्शन की बात करें, तो इसने वर्ल्डवाइड 1,042.25 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था। वहीं इसने इंडिया में 646.31 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। तमिल और तेलुगू भाषा में इसने दमदार कमाई की थी। ‘कल्कि 2898 AD’ साल 2024 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी।














