निर्मित जेसरानी, मुंबई के जुहू इलाके में अमिताभ बच्चन के मशहूर बंगले जलसा के ठीक बगल में रहते हैं। हर रिववार को अमिताभ अपने फैंस से मिलने घर के मेनगेट पर आते हैं। इसे वह ‘संडे दर्शन’ कहते हैं। निर्मित ने बताया कि उन्हें अमिताभ बच्चन की टीम से एक मैसेज मिला, जिसमें उन्हें मिलने के लिए जलसा बुलाया गया था।
निर्मित ने शेयर किया वीडियो, शाम 5 बजे था मुलाकात का वक्त
हाल ही में, निर्मित जेसरानी ने एक इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया है। वह बताते हैं कि उन्हें शाम 5 बजे महानायक से मिलने के लिए बुलाया गया था। मुलाकात के इस खास पल के बारे में बताते हुए वह कहते हैं, ‘मैं आखिरकार बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन से मिला। मुझे यकीन नहीं हो रहा। मैं वह पल कभी नहीं भूल सकता। मेरी खुशी का तो ठिकाना नहीं है।’
इस बार जलसा के अंदर से देखा संडे दर्शन
निर्मित बताते हैं कि यह मुलाकात उनकी सोच से भी ज्यादा खास निकली। अमिताभ बच्चन न सिर्फ अपने पड़ोसी से मिले, बल्कि उनके साथ फोटो खिंचवाई और ऑटोग्राफ भी दिए। निर्मित ने इस बार जलसा के अंदर से संडे दर्शन देखा और इस रस्म को करीब से महसूस किया। यह सुनने में एक छोटी सी बात जरूर लग सकती है, लेकिन अमिताभ बच्चन के इस अंदाज ने उनका दिल छू लिया।
अमिताभ बच्चन ने निर्मित जेसरानी को नहीं छूने दिए पैर
बिग बी के पड़ोसी निर्मित जेसरानी ने आगे बताया, ‘जब मैं उनसे मिला तो आशीर्वाद लेने के लिए उनके पैर छूने लगा, इस पर उन्होंने मुझे रोक दिया और ऐसा न करने को कहा। उन्होंने फोटो खिंचवाई। वह बहुत विनम्र और जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं।’
अमिताभ बच्चन के आलीशान बंगले ‘जलसा’ की कीमत
वैसे, जानकारी के लिए बता दें कि अमिताभ बच्चन का घर जलसा मुंबई के सबसे मशहूर सेलिब्रिटी होम्स में से एक है। जुहू में मौजूद इस प्रॉपर्टी की कीमत लगभग 100-120 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। हर रविवार, स्टार की एक झलक पाने के लिए बंगले के बाहर भीड़ जमा हो जाती है, यह एक परंपरा है कई साल से चल रही है।













