जय शाह से मुलाकात और अमेरिकी क्रिकेट पर चर्चा
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने आईसीसी के चेयरमैन जय शाह से स्टेडियम में मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि दोनों के बीच अमेरिका में क्रिकेट के तेजी से होते विस्तार पर सार्थक चर्चा हुई। गोर ने अमेरिकी बुनियादी ढांचे, वहां की उभरती प्रतिभाओं और क्रिकेट के प्रति फैंस की बढ़ती दीवानगी की सराहना की। वे राष्ट्रगान के दौरान जय शाह के साथ खड़े नजर आए और ओपनिंग सेरेमनी में भी मौजूद रहे।
अंबानी से भी मिले सर्जियो
मैच के दौरान सर्जियो गोर ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक नीता अंबानी से भी मुलाकात की। उन्होंने अंबानी परिवार को अपना पुराना दोस्त बताते हुए उनके साथ समय बिताने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने अंबानी के साथ भी अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की है। इस खास मौके पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और इस वर्ल्ड कप के ब्रांड एंबेसडर रोहित शर्मा भी वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद थे।
टीम USA का बढ़ाया उत्साह
मैच शुरू होने से पहले सर्जियो गोर मैदान पर गए और अमेरिकी खिलाड़ियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने X पर पोस्ट किया, ‘हमारी अमेरिकी क्रिकेट टीम पर गर्व है! मुंबई में आज रात एक बेहद रोमांचक खेल हुआ।’ बता दें कि भारत और अमेरिका के बीच यह केवल दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। भारत बनाम अमेरिका मैच से ठीक पहले वानखेड़े में एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी आयोजित किया गया। इसमें बादशाह और नोरा फतेही जैसे सितारों ने अपनी परफॉर्मेंस से समां बांध दिया। समारोह की एक मुख्य विशेषता जेटपैक परफॉर्मर द्वारा टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का मैदान पर लाया जाना था, जिसे जय शाह और रोहित शर्मा ने रिसीव किया।














