ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर नए टैरिफ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है कि मैंने ओवल ऑफिस से सभी देशों पर ग्लोबल 10% टैरिफ पर हस्ताक्षर कर दिया है, जो लगभग तुरंत लागू होगा।’ ट्रंप की पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए वॉइट हाउस के एक्स हैंडल पर लिखा गया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सभी देशों पर 10% ग्लोबल टैरिफ लगाया है।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से ट्रंप को झटका
इसके पहले कंजरवेटिव प्रभाव वाले अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 6.3 से दिए गए फैसले में माना था कि टैरिफ पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल किया है। ट्रंप ने इस फैसले को बहुत बुरा बताया और उन जजों की आलोचना की, जिन्होंने उनकी ट्रेड पॉलिसी को खारिज कर दिया था। ट्रंप ने कोर्ट को विदेशी हितों से प्रभावित बताया।
रिफंड पर ट्रंप ने क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कुछ घंटे बाद ट्रंप ने कहा था, आज मैं सेक्शन 122 के तहत 10% ग्लोबल टैरिफ लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर करूंगा, जो पहले से चल रहे हमारे नॉर्मल टैरिफ के अलावा होगा। उन्होंने कहा कि ‘मैं इससे ज्यादा चार्ज कर सकता हूं।’ इस दौरान ट्रंप ने इशारा किया कि बिना कानूनी लड़ाई के रिफंड नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मामला सालों तक कोर्ट में लगा रहेगा।
ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ‘मुझे कोर्ट के कुछ सदस्यों पर शर्म आ रही है। बिल्कुल शर्म आ रही है कि उनमें हमारे देश के सही काम करने की हिम्मत नहीं है।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि इस फैसले से वह ज्यादा ताकतवर हो गए हैं। उन्होंने कहा, हमारे देश को बचाने के लिए एक राष्ट्रपति असल में पहले से ज्यादा टैरिफ लगा सकता है।













