अर्चना की नई यूट्यूब सीरीज ‘प्यार दोस्ती है’ के दूसरे एपिसोड में, परमीत और अर्चना ने बैठकर इस बात पर चर्चा की कि कैसे पैसों और आर्थिक उथल-पुथल ने उनके रिश्ते को प्रभावित किया। परमीत से शुरुआती मुलाकातों को याद करते हुए अर्चना ने कहा, ‘आजकल की Gen Z की भाषा में कहें तो, आप एक रेड फ्लैग थे। लोग ऐसा उन लड़कों के बारे में कहते हैं जो कमा नहीं रहे होते या जिनका रिश्ता तय नहीं होता। एक पुरुष के लिए, महिला का उम्र में बड़ा होना भी एक खतरे की घंटी थी। हमारे पंडित जी ने कहा, ‘तुम्हारी कुंडली देखकर तो मैं तुम्हें शादी न करने की सलाह देता।’ उन्होंने हमें बताया कि शुरुआती सालों में हमें बहुत कुछ झेलना पड़ा होगा।’
परमीत सेठी के फेल हुए बिजनेस
परमीत ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि अपना कारोबार और उसमें लगाया सारा पैसा गंवाने के बाद भी अर्चना उनके साथ बनी रहीं। उन्होंने कहा, ‘मैंने कपड़ों का कारोबार शुरू किया था और यूरोप से मुझे कुछ अच्छे ऑर्डर मिले थे। मैंने बेंगलुरु में फैक्ट्री लगाई थी और सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक सारे ऑर्डर रद्द हो गए। सभी बड़े ब्रांडों को नुकसान हुआ और मेरा सब कुछ धराशायी हो गया। मुझे याद है कि मैंने आपको एसटीडी बूथ से फोन किया था और मैं रो रहा था। मेरा पूरा कारोबार बर्बाद हो गया था और मैंने आपसे पूछा था, ‘मैं क्या करूं?’ आपने बस इतना कहा, ‘वापस आ जाओ।’ आपने मुझे वह सहारा दिया जो शायद ही कोई दे पाता।’
परमीत ने एक्टिंग को माना बढ़िया धंधा
परमीत ने आगे कहा, ‘उस समय मैं पूरी तरह से निराश था और बिस्तर से उठता ही नहीं था। मुझे याद है कि आपके एक निर्माता आए और आपने उनसे कहा, ‘चेक छोड़ दीजिए, और अगर यह पास हो जाता है, तभी मैं आपको शूटिंग की डेट्स दूंगी।’ यह सुनकर मैंने सोचा, ‘यह तो बढ़िया धंधा है।’ मेरे धंधे में तो पैसा महीनों बाद आता था, अगर आता भी था तो। मुझे एहसास हुआ कि एक्टिंग एक ऐसा धंधा है जिसमें आपको खुद को बेचना पड़ता है, और यह मुझे आता था। इसलिए मैंने एक्टर बनने का फैसला किया।’
भगवान से एक ही प्रार्थना करती थीं अर्चना
अर्चना ने आगे कहा, ‘मैं हमेशा भगवान से यही प्रार्थना करती थी कि मेरी सारी परेशानियां आर्थिक ही हों। क्योंकि आप उन परेशानियों से निपट तो सकते हैं, लेकिन क्या होता है जब कोई बिछड़ जाता है या किसी के साथ कुछ हो जाता है? आज भी मैं यही कामना करती हूं। मतलब, हाल ही में हमें एक बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ, और आपने मुझसे कहा, ‘तुमने ही ऐसा चाहा था।’ लेकिन उस समय मैंने आपसे कहा था, ‘बिट्टू (परमीत), यह आर्थिक समस्या है। कम से कम हम दोनों तो साथ हैं।’
परमीत के एक्टिंग से खुश नहीं थीं अर्चना
एक्ट्रेस ने बताया कि परमीत के एक्टिंग करने से वह बिल्कुल भी खुश नहीं थीं। परमीत ने बीच में टोकते हुए कहा, ‘तुमने मुझसे कहा था, ‘मुझे कोई स्ट्रगलर बॉयफ्रेंड नहीं चाहिए।’ अर्चना ने कहा, ‘मुझे लगा था कि तुम एक्टर नहीं बन सकते क्योंकि तुम बहुत इंट्रोवर्ट थे। तुम मजाक भी नहीं करते थे, और यही मेरी सोच थी। अगर मुझे लगता कि तुममें टैलेंट है, तो मैं कभी मना नहीं करती, लेकिन मुझे खुशी है कि तुमने मेरी बात नहीं मानी। मैंने कभी तुम्हारे न कमाने के बारे में नहीं सोचा, क्योंकि मैं सोचती थी, ‘मैं कमा रही हूं, तो दिक्कत क्या है?’ यही सोच थी – कि लड़का हो या लड़की, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।’













