बलूचिस्तान की असेंबली के पूर्व सदस्य और प्रांत की सरकार में मंत्री रह चुके बलूच अमेरिकन कांग्रेस के अध्यक्ष डॉक्टर तारा चंद ने एक्स पर एक लंबा पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने सीधेतौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा है कि आपने तानाशाही के खिलाफ वेनेजुएला के लोगों का साथ दिया। इसी तरह बलूचिस्तान के लोगों को भी उनकी आजादी की लड़ाई में सपोर्ट कीजिए।
मुनीर और मादुरो एक जैसे
तारा चंद ने कहा है कि वेनेजुएला के शासक निकोलस मादुरो ने अपने देश के नेचुरल रिसोर्स चीन को लूटने की इजाजत दी। इसी तरह पाक फौज के चीफ असीम मुनीर भी बलूचिस्तान के बड़े नेचुरल और समुद्री रिसोर्स को चीन और दुनिया को बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। यानी दोनों का काम एक जैसा है।
तारा चंद ने यह भी कहा कि मुनीर डबल एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। एक तरफ वह बलूचिस्तान के संसाधन चीन को बेच रहे हैं। दूसरी ओर इन्हीं रिसोर्स का इस्तेमाल अमेरिका को गुमराह करने के लिए कर रहे ंहै। ऐसे में ट्रंप को मुनीर के खिलाफ भी मादुरो की तरह ही सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए
पाक सेना बड़ा खतरा
चारा चंद का कहना है कि वेनेजुएला की मादुरो सरकार ड्रग ट्रैफिकिंग, हथियारों की तस्करी, बड़े पैमाने पर मानवाधिकारों के उल्लंघन और इलाके में अस्थिरता फैलाने में शामिल थी। इसी तरह से पाकिस्तानी सेना भी कट्टरपंथ को बढ़ावा दे रही है, जो दुनिया की स्थिरता के लिए एक गंभीर खतरा है। पाकिस्तानी सेना ने तो अपने कंपाउंड में ओसामा बिन लादेन को भी पनाह दी थी।
बलूच नेता ने आरोप लगाया कि असीम मुनीर के नेतृत्व वाली सेना हर रोज बलूचिस्तान में लोगों को मार रही है। असीम मुनीर को मानवता के खिलाफ अपराध के लिए जवाबदेह ठहराते हुए गिरफ्तार किया जाना चाहिए। दूसरे तानाशाहों की तरह मुनीर को पकड़ते हुए बलूचिस्तान के लोगों को न्याय, आजादी और अपनी जमीन पर कंट्रोल का अधिकार मिलना चाहिए।
बलूचिस्तान का मुद्दा
पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत लंबे समय से अस्थिरता और राजनीतिक उथलपुथल का शिकार रहा है। इस प्रांत में एक बड़ा वर्ग पाकिस्तानी सरकार और सेना से नाखुश है। यह वर्ग बलूचिस्तान को आजाद कर अलग देश बनाने की मांग कर रहा है। बलूच नेता पाकिस्तानी सेना पर अपने संसाधनों के दोहन और आम लोगों के शोषण के गंभीर आरोप लगाते रहे हैं। प्रांत में कई सशस्त्र गुट भी दशकों से पाकिस्तान से लड़ रहे हैं।














