IMD के अनुसार, मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ 18 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके बाद, 19 और 21 जनवरी को दो पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं। जिससे मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ से होगी बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 22-23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 18 से 22 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली है। पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को आंशिक बादल रह सकते हैं। कुछ जगहों पर मध्यम और कुछ जगहों पर घना कोहरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक रह सकता है। 19 व 20 जनवरी को भी मौसम इसी तरह का बना रह सकता है। आंशिक बादल रहेंगे। सुबह के समय मध्यम कोहरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 21 से 23 जनवरी तक आंशिक बदल रहेंगे। हल्के से मध्यम कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 18 से 22 दिखे और न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री तक रह सकता है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण फिर से ठंड बढ़ी है, दिन के समय में भी शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। हालांकि तेज धूप की वजह से दिन में कुछ राहत जरूर मिल रही है लेकिन शाम होते ही गलन की वजह से ठिठुरन बढ़ जाती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में शीतलहर बनी रहने की संभावना व्यक्त की है। नोएडा में भीषण ठंड को देखते हुए 19 जनवरी तक आठवीं कक्षा तक के स्कूलों को बंद किया गया है।
| शहर | अधिकतम तापमान (18 जनवरी) | न्यूनतम तापमान (18 जनवरी) |
| दिल्ली | 22°C | 05°C |
| मुंबई | 31°C | 18°C |
| कोलकाता | 24°C | 12°C |
| चेन्नई | 28°C | 21°C |
| लखनऊ | 21°C | 07°C |
| पटना | 23°C | 09°C |
| रांची | 23°C | 06°C |
| जयपुर | 22°C | 08°C |
| बेंगलुरु | 28°C | 18°C |
| मनाली | 02°C | -07°C |
| नैनीताल | 15°C | 05°C |
हिमाचल-उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम
IMD ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तराखंड, हिमाचल में हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। हालांकि दोनों ही राज्यों में ठंड का सितम जारी रहेगा। वहीं सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर में बढ़ा ठंड का सितम
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से यहां ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में विशेष रूप से घाटी के ऊपरी इलाकों में बारिश या बर्फबारी का अनुमान जताया है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान के बराबर ही था। मौसम विभाग ने कहा है कि 21 जनवरी को ऊंचाई वाले कुछ छिटपुट इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जिसके बाद 25 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही चेनाब घाटी, पीर-पंजाल श्रेणी और दक्षिण कश्मीर के कुछ जिलों में 23 से 24 जनवरी के बीच भारी बारिश या बर्फबारी होने के आसार हैं।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को शीतलहर से राहत मिली है। वहीं, अगले हफ्ते राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के कुछ भाग में 22 से 24 जनवरी के दौरान एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने व पाला पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 22 से 23 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भाग में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है।














