दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज (22 फरवरी) आसमान के मुख्य रूप से साफ रहने का पूर्वानुमान है और अधिकतम तापमान के 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शनिवार शाम छह बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 211 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ‘एक्यूआई’ को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम
यूपी में मौसम बदल रहा है। सर्दी का असर अब कम होता जा रहा है। आज यानी 22 फरवरी को किसी तरह की बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, कुछ जगहों पर कोहरा छाने का अलर्ट जरूर जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक उत्तर प्रदेश में दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप तेज रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के कुछ जिलों में कोहरा और ठंड पड़ने का अलर्ट है। जिन जिलों में कोहरा पड़ सकता है, उनमें पटना के मैदानी इलाके, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और खगड़िया जिले शामिल हैं। 22 फरवरी को पटना में अधिकतम तापमान की बात करें तो यह 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
आज आपके शहर में कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान (22 फरवरी) | न्यूनतम तापमान (22 फरवरी) |
| दिल्ली | 28°C | 14°C |
| मुंबई | 31°C | 24°C |
| कोलकाता | 32°C | 20°C |
| चेन्नई | 29°C | 23°C |
| लखनऊ | 29°C | 14°C |
| पटना | 29°C | 16°C |
| रांची | 28°C | 17°C |
| भोपाल | 31°C | 17°C |
| जयपुर | 28°C | 16°C |
| शिमला | 17°C | 07°C |
| नैनीताल | 19°C | 10°C |
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान के अनेक इलाकों में दिन का तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। मौसम केंद्र ने बताया कि बीते दिन अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.4 डिग्री, फलोदी में 31.4 डिग्री, जालोर में 31.2 डिग्री, जोधपुर में 31 डिग्री और जैसलमेर में 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं जबकि न्यूनतम तापमान फतेहपुर सीकर में 9.4 डिग्री रहा।
जम्मू-कश्मीर में आज कैसा रहेगा मौसम
कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच घाटी के कुछ मौसम केंद्रों में भी अच्छी-खासी गर्मी पड़ने का अनुमान लगाया गया है। बीते दिन फरवरी महीने का अब तक का दिन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। दिन का तापमान मौसम के औसत से 9.5 से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक था। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में अधिकतम तापमान इस समय के सामान्य तापमान से 10 डिग्री अधिक 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह तापमान फरवरी महीने का अब तक का उच्चतम तापमान है, जिसने 24 फरवरी 2016 को दर्ज किए गए 20.6 डिग्री सेल्सियस तापमान को पीछे छोड़ दिया है।
तमिलनाडु में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने तमिलनाडु के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर दक्षिण तमिलनाडु के मौसम पर दिखाई देगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल के आसपास बना वायुमंडलीय परिसंचरण सक्रिय है, जिसके कारण कई जिलों में गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश होने की संभावना है। शनिवार को कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, तूतीकोरिन (थूथुकुडी), तेनकासी, विरुधुनगर और थेनी जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है।













