ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि धमाका शहर के मोअल्लम बुलेवार्ड इलाके में एक आठ मंजिला इमारत में हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि इमारत की दो मंजिलें मलबे का ढेर बन गई। इस धमाके में इमारत के पास में खड़ी कई गाड़ियां और दुकानें भी तबाह हो गईं। स्थानीय प्रशासन, फायर ब्रिगेड और मेडिकल कर्मियों की टीम मौके पर राहत के काम में जुटी हैं।
धमाके में इमारत का बाहरी हिस्सा उड़ा
सरकारी IRNA न्यूज एजेंसी ने होर्मोजगान प्रांत में क्राइसिस मैनेजमेंट के डायरेक्टर जनरल मेहरदाद हसनजादेह के हवाले से बताया कि धमाके की वजह की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘घटना में घायल हुए लोगों को अस्पताल ले जाया जा रहा है और सभी को इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
इस धमाके बाद सरकारी टीवी पर दिखाई गई तस्वीरों में इमारत का बाहरी हिस्सा उड़ा हुआ दिखाया गया है। हमले के बाद इमारत का मलबा चारों ओर बिखर गया। इस धमाके के बाद रिवोल्यूशनरी गार्ड के नौसेना कमांडर को निशाना बनाए जाने का दावा सोशल मीडिया पर किया गया, जिसे स्टेट मीडिया ने गलत बताया है।
ईरान में यह धमाका बेहद तनावपूर्ण समय में हुआ है। डोनाल्ड ट्रंप ने लगातार ईरान पर हमले की धमकी दी है। अमेरिका ने क्षेत्र में अपना एयरक्राफ्ट कैरियर ग्रुप तैनात किया है। ऐसे में सोशल मीडिया पर तुरंत ये बात शुरू हो गई कि इस हमले के पीछे अमेरिका और इजरायल है । हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है।













