ईशान किशन ने तोड़ा गौतम गंभीर का रिकॉर्ड
ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ ओपनिंग करते हुए 192.50 के गजब स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने 40 गेंद में 77 रन ठोक डाले। किशन ने अपनी पारी में 10 चौके और 3 छक्के लगाए। इसी के साथ वह अब पाकिस्तान के खिलाफ बतौर भारतीय ओपनर टी20 में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए।
इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय टीम के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर के नाम था। उन्होंने 2007 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ 75 रन बनाए थे।
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में बतौर भारतीय ओपनर सबसे बड़ी पारी
ईशान किशन- 77 रन, 2026 टी20 वर्ल्ड कप
गौतम गंभीर- 75 रन, 2007 टी20 वर्ल्ड कप
अभिषेक शर्मा- 74 रन, 2025 एशिया कप
शुभमन गिल- 47 रन, 2025 एशिया कप
गौतम गंभीर- 43 रन, 2012 (बाइलेटरल सीरीज)
बात करें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुए भारत-पाकिस्तान मैच की तो पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बना दिए। 176 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह से फेल हो गई। वे 18 ओवर में 114 रन बनाकर ही ऑल आउट हो गए।














