उर्फी जावेद का जवाब
फैजान अंसारी के इन दावों पर रिएक्ट करते हुए उर्फी जावेद ने ‘आईएएनएस’ से बातचीत कहा कि ये निराधार हैं और बकवास हैं। वह बोलीं, ‘यह किसने कहा? ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है। वो इसे मनगढ़ंत बना रहे हैं। मैं किसी धर्म को नहीं मानती। मैं नास्तिक हूं। तो आप मुझे कहां से निकालेंगे? आप किसी को ऐसी जगह से कैसे निकाल सकते हैं जहां उसका अस्तित्व ही नहीं है!’
उर्फी जावेद के लिए क्या बोले फैजान अंसारी
मालूम हो कि सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर फैजान अंसारी ने 31 जनवरी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दावा किया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर उर्फी को इस्लाम से निकालने का फैसला किया है क्योंकि वह लगातार इस्लाम की बेइज्जती कर रही हैं। फैजान ने वीडियो में कहा था, ‘नमस्कार दोस्तों, आप सब कैसे हैं? मैं फैजान अंसारी हूं। एक लड़की है जो न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में मुसलमानों का नाम खराब कर रही है। वह खुद कहती है कि वह कुरान में विश्वास नहीं करती, इस्लाम में विश्वास नहीं करती और मुस्लिम धर्म में भी विश्वास नहीं करती। अब तक उसका नाम मुस्लिम था उर्फी जावेद। वह एक बेहद बुरी लड़की है जिसने पूरी दुनिया में मुसलमानों का नाम खराब किया है और हर मुसलमान उसे कोसता है।’
‘उर्फी जावेद अब मुसलमान नहीं हैं’
फैजान ने वीडियो में आगे कहा, ‘फाइनली हम मुसलमानों ने यह फैसला लिया है कि उर्फी जावेद अब मुसलमान नहीं हैं। इसके लिए मैंने अखिल भारतीय मुस्लिम समुदाय के प्रमुख मौलाना को लेटर लिखा है। मैंने उनसे परमिशन नहीं ली है, मैंने उन्हें बताया है कि उर्फी जावेद अब मुसलमान नहीं हैं। उसका मुस्लिम समुदाय से कोई संबंध नहीं है, और उसका नया नाम गीता भारद्वाज है।’
उर्फी जावेद इस्लाम पर क्या बोली थीं? क्या हैं उनके विचार
उर्फी जावेद ने इस्लाम पर कई बार खुलकर बात की है और कहा है कि वह किसी भी धर्म को नहीं मानतीं। उर्फी जन्म से मुस्लिम हैं, पर कहा था कि वह कभी भी किसी मुस्लिम से शादी नहीं करेंगी। उर्फी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि धर्म को किसी पर भी थोपा नहीं जाना चाहिए। उनके पिता छोटी सोच के थे और इसीलिए उन्होंने एक्ट्रेस के साथ उनके सभी भाई-बहनों और मां को छोड़ दिया था। उर्फी ने कहा था कि उनकी मां ने कभी भी उन पर धर्म नहीं थोपा। वह इस्लाम को नहीं मानतीं, पर उनके भाई-बहन मानते हैं। उर्फी इस्लाम में विश्वास क्यों नहीं करतीं? इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा था कि मुस्लिम मर्द हमेशा ही अपनी औरतों को अपने कंट्रोल में रखते हैं। उन्हें आजादी नहीं देते और इसीलिए वह इस्लाम में विश्वास नहीं करतीं।
उर्फी जावेद का करियर
उर्फी जावेद ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2016 में टीवी शो ‘बड़े भैया की दुल्हनिया’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘चंद्र नंदिनी’ और ‘मेरी दुर्गा’ जैसे टीवी शोज किए। पर उर्फी को पॉपुलैरिटी रियलिटी शो ‘बिग बॉस ओटीटी’ के पहले सीजन से मिली थी, और इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उर्फी ने ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘कसौटी जिंदगी की 2’ में भी काम किया। इस वक्त वह MTV Splitsvilla X6 में मिसचीफ मेकर के तौर पर नजर आ रही हैं। साथ में निया शर्मा भी हैं।
फैजान अंसारी कौन है?
फैजान अंसारी एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हैं और डेटिंग रियलिटी शो ‘डेटबाजी’ में काम कर चुके हैं। उनका उर्फी जावेद के साथ तगड़ा विवाद रहा है। वह अकसर ही उर्फी जावेद पर धावा बोलते नजर आए हैं। कभी उनके कपड़ों को लेकर तो कभी इस्लाम को लेकर। फैजान ने एक्ट्रेस गीता वशिष्ठ से शादी की है। फैजान अंसारी ने 2022 में सलमान खान की मुंहबोली बहन श्वेता रोहिरा के साथ ‘फैशनिस्टा’ नाम की एक मैगजीन के लिए भी काम किया।













