जानकारी के लिए बता दें कि जेफरी एपस्टीन की साल 2019 में हो चुकी है। लेकिन इसके 6 साल बाद अब एपस्टीन की फाइलें दुनियाभर में कई गिरफ्तारियों का कारण बन रही हैं। दर्जनों राजनीतिक दिग्गजों, बिजनेसमैन और नामी-गिरामी पदाधिकारियों के नाम इन फाइलों में आने के कारण तहलका मचा हुआ है। ‘एपस्टीन फाइल्स’ जेफरी के जीवन और अपराधों के बारे में जांच के दस्तावेज हैं।
एपस्टीन फाइल्स क्या हैं?
एपस्टीन फाइल्स मोटे तौर पर 30 लाख पन्नों का दस्तावेज हैं, जो जेफरी एपस्टीन और उसके सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल के यौन तस्करी से संबंधित दो आपराधिक जांच से जुड़ा है। ये दस्तावेज 2019 में एपस्टीन की मौत के बाद से चर्चा का विषय रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प लंबे समय से एपस्टीन के घिनौने काम के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार करते रहे हैं। 18 नवंबर को, प्रतिनिधि सभा ने 427-1 की वोटिंग से एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट पारित किया, जिसे सीनेट ने भी पारित कर राष्ट्रपति ने हस्ताक्षर कर दिए। इसके बाद धीरे-धीरे इन फाइल्स के पन्नों को सार्वजनिक किया जा रहा है। DOJ ने जांच से जुड़ी आधी फाइलें जारी की हैं, जिनमें मोटे तौर पर 2000 वीडियो और 180000 तस्वीरें भी हैं। यहां यह ध्यान देना भी जरूरी है कि इसमें कई लोगों के नाम बिना पुष्टि वाली जानकारियों से आए हैं। यानी यह सिर्फ दावे हैं, उनके खिलाफ किसी अपराध के सबूत नहीं मिले हैं।
एपस्टीन के पर्सनल रिकॉर्ड नहीं, FBI टिप में जे-जेड, पुशा और हार्वे के नाम
ताजा जानकारी के मुताबिक, रैपर जे-जेड, पुशा टी और हार्वे वेनस्टेन का नाम एपस्टीन के पर्सनल रिकॉर्ड में नहीं है। जिन दस्तावेजों में इनके नाम हैं, उनकी अभी तक ठीक से जांच या पुष्टि नहीं हुई है। उनका नाम FBI को दी गई एक टिप में आया था, जिसे बाद में आर्काइव कर दिया गया था। FBI रिपोर्ट के अनुसार, एक गुमनाम पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसका सालों से कई बार ड्रग्स देकर यौन शोषण किया गया, और उसका हैंडलर पुशा (असली नाम टेरेंस लेवर थॉर्नटन) था। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ‘हैंडलर’ पीड़ितों से दोस्ती करता था, और वही उन्हें ड्रग्स देता था।
पीड़ित का दावा- कमरे में जागी तो वहां जे और हार्वे थे
इसी रिपोर्ट के एक दूसरे हिस्से में, एक अन्य कथित पीड़ित ने भी दावे किए हैं। इसके मुताबिक, 2019 में वह एक कमरे में जागी, जिसमें जे (शॉन कार्टर) और हार्वे वेनस्टेन मौजूद थे। इसमें कहा गया है कि पीड़ित को ड्रग्स दिया गया था और उसकी याददाश्त धुंधली थी।
एलोन मस्क, माइकल जैक्सन, मिक जैगर और बिल क्लिंटन के भी नाम
इन फाइलों में अभी भी इस बात पर जोर दिया गया है कि किसी का नाम आना किसी भी गलत काम का सबूत नहीं है। कई दस्तावेजों और तस्वीरों में ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं, जिनका एपस्टीन से संबंध तय नहीं हुआ है। अभी तक एपस्टीन फाइल्स में एलोन मस्क, माइकल जैक्सन, मिक जैगर और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन जैसी हस्तियों का नाम भी आएं है। इनमें अधिकतर तस्वीरें बिना किसी संदर्भ और बिना तारीखों के पेश की गई हैं।













