नीरज चोपड़ा ने खुद दी है इसकी जानकारी
27 साल के नीरज चोपड़ा ने एक प्रेस रिलीज में कहा, ‘पिछले 10 सालों में हमारा साथ तरक्की, भरोसे और कामयाबी से भरा रहा है। मेरे करियर को बनाने में स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी का बहुत बड़ा हाथ रहा है और मैं उनके सहयोग और विजन के लिए हमेशा उनका आभारी रहूंगा। हम इस सफर को यहां खत्म कर रहे हैं, मैं इन्हीं मूल्यों को अपनी जर्नी के अगले फेज में भी साथ लेकर जाऊंगा।’बयान में कहा गया कि दोनों पार्टी (नीरज चोपड़ा और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी) सम्मान और गर्व के साथ एक-दूसरे से अलग हो रहे हैं।
नीरज के अलग होने पर क्या बोली स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी?
नीरज का स्पोर्ट्स मैनेजमेंट देख रही कंपनी के सीईओ दिव्यांशु सिंह ने कहा, ‘नीरज के साथ काम करना हम सभी के लिए एक शानदार अनुभव रहा है। उनकी सफलता की कहानी उत्कृष्टता और उद्देश्य के हमारे साझा नजरिए को दर्शाती है। हमें इस बात पर बहुत गर्व है कि हमने मिलकर क्या कुछ हासिल किया है। हम उन्हें उनके भविष्य के सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हैं।’
नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2021 में गोल्ड मेडल जीता था। वह ओलंपिक ट्रैक एंड फील्ड में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने। उनकी यह कामयाबी यहीं नहीं रुकी। उन्होंने 2023 की विश्व चैंपियनशिप में भी पहला स्थान हासिल किया और फिर 2024 के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन में भी मेडल जीते हैं।













