मनोज तिवारी का ताल्लुक वैसे तो बिहार के गांव अतरौलिया से है, पर उनका जन्म बनारस के कबीर चौरा में हुआ था। लेकिन जब छोटे थे, तो पिता गुजर गए और सारी जिम्मेदारी मां पर आ गई। मनोज तिवारी छह भाई-बहन थे। उन्हें पालने में मां को काफी दिक्कतें हुईं। इतनी गरीबी देखी कि पेट भरना मुश्किल हो जाता था। साइकिल तक खरीदने के पैसे नहीं थे और इस कारण मनोज तिवारी को कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ता था।
मनोज तिवारी बनारस से घाटों पर गाते थे गाना, जगराता में गाया
मनोज तिवारी के पिता शास्त्रीय संगीत के गायक थे और वहीं से उन्हें भी गाने का हुनर मिला। मनोज तिवारी बनारस में पैदा हुए थे और वहीं पर पढ़ाई-लिखाई की। इसके बाद उन्होंने बनारस के घाटों पर गाना शुरू कर दिया। इस बारे में उन्होंने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया था। मनोज तिवारी ने बताया था कि वह माता रानी के जगराता में गाते, मंदिरों में गाते थे। फिर उसी से उन्हें फिल्मों में गाने के मौके मिलने लगे थे। उसी दौराम मनोज तिवारी ने अपना पहला म्यूजिक एल्बम निकाला, जिसका नाम था ‘बगलवाली’, और उसने एक्टर को मशहूर कर दिया।
पहली ही फिल्म ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड देखते रह गए सब
मनोज तिवारी ने म्यूजिक की दुनिया में धूम मचा दी थी और खूब गाने गाए। फिर उन्होंने साल 2003 में भोजपुरी फिल्म ‘ससुरा बड़ा पईसावाला’ से भोजपुरी सिनेमा में बतौर एक्टर एंट्री की। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही और इसने मनोज तिवारी को रातोंरात स्टार बना दिया। फिल्म का बजट सिर्फ 30 लाख रुपये था, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर 9 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यानी 120 गुना अधिक कमाई की थी और थिएटर्स में 65 हफ्तों तक चली थी। मनोज तिवारी की ‘ससुरा बड़ा पईसावाला’ साल 2022 तक भोजपुरी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही।
मनोज तिवारी भोजपुरी के महंगे स्टार्स में शुमार, हर गाना छाया
मनोज तिवारी ने इसके बाद कई भोजपुरी फिल्में कीं। वह लगातार 2014 तक फिल्में करते रहे और भोजपुरी सिनेमा के हाइएस्ट पेड और सबसे महंगे स्टार बन गए। मनोज तिवारी की फिल्में ही हिट नहीं रहीं, बल्कि उनके कई भोजपुरी गाने भी हैं, जो रिकॉर्ड बना चुके हैं। उनके गानों का तो ऐसा जलवा रहा है कि तुरंत ही वायरल हो जाता है। मनोज तिवारी ने ऑपरेशन सिंदूर पर गाना बनाया जो हिट रहा, फिर ‘पंचायत’ के चौथे सीजन में उन्होंने ‘हिंद का सितारा’ गाया, जो हिट रहा।
मनोज तिवारी के गाने जो रिकॉर्ड बना चुके हैं:
- रिंकिया के पापा
- इंटरनेशनल लिट्टी चोखा
- बेबी बियर पीके
- बगल वाली जान मारेली
- जिया हो बिहार के लाला
मनोज तिवारी की ब्लॉकबस्टर फिल्में
- ससुरा बड़ा पईसावाला
- दरोगा बाबू आई लव यू
- बंधन टूटे ना
- गंगा
- भोले शंकर
मनोज तिवारी रहे ड्राइवर, 3 साल करनी पड़ी थी ड्राइविंग
वहीं, मनोज तिवारी जब हाल ही ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में आए थे, तो उन्होंने संघर्ष के दिनों के बारे में बात करते हुए बताया था कि वह ड्राइवर भी रहे हैं। उन्होंने तीन साल ड्राइविंग करके पढ़ाई की थी। इसलिए वह किसी भी काम को छोटा नहीं समझते। मनोज तिवारी के मुश्किल दिनों की कहानी जानकर हर कोई हैरान रह गया था। अब मनोज तिवारी कई साल से राजनीति में अपने रंग बिखेर रहे हैं। और तो और आज मनोज तिवारी आलीशान जिंदगी जीते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और चुनावी हलफनामों के मुताबिक, मनोज तिवारी की नेट वर्थ 33 करोड़ रुपये तक है और वह एक फिल्म के लिए 55 लाख रुपये तक फीस लेते हैं।













