उत्तर भारत कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा में अगले 2-3 दिनों तक ठंड का सितम जारी रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन राज्यों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
कल आपके शहर में कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान (17 जनवरी) | न्यूनतम तापमान (17 जनवरी) |
| दिल्ली | 23°C | 06°C |
| मुंबई | 32°C | 17°C |
| कोलकाता | 23°C | 13°C |
| चेन्नई | 27°C | 22°C |
| लखनऊ | 20°C | 07°C |
| पटना | 22°C | 10°C |
| रांची | 23°C | 06°C |
| जयपुर | 22°C | 08°C |
| बेंगलुरु | 28°C | 18°C |
| मनाली | 02°C | -09°C |
| नैनीताल | 16°C | 05°C |
पहाड़ों पर जारी रहेगा बर्फबारी का सिलसिला
इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5-6 दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। 17 से 21 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है, वहीं 18-20 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट बारिश हो सकती है।
- उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। पिछले कुछ दिनों से दोपहर में मिल रही धूप से राहत के बाद, गुरुवार को ठंड ने फिर से अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 जनवरी को यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ जाएगी।
- उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। चमोली, उत्तरकाशी जैसे कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी दिखेगा। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी, जिससे सर्द हवाएं चलती रहेंगी।
- जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की सर्दी के कारण डल झील समेत कई जलाशयों का पानी जम गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर की ओर बढ़ रहा है, जो 17 जनवरी से घाटी के मौसम को प्रभावित कर सकता है।
- राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे का दौर जारी है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17-18 जनवरी को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी भागों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इससे अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने और शीतलहर से राहत मिलने का अनुमान है।














