पाकिस्तानी दूतावास के बाहर प्रदर्शन
ब्रिटेन में सबसे बड़ा प्रदर्शन ब्रैडफोर्ड में पाकिस्तानी दूतावास के बाहर हुआ। यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी (UKPNP) के बैनर तले कश्मीरियों ने जबर्दस्त विरोध जताया। उन्होंने पाकिस्तान के कश्मीर एकजुटता दिवस को धोखेबाजी बताकर खारिज कर दिया। इस दौरान कब्जा मंजूरी नहीं और स्टेट टेररिज्म खत्म करो जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले 78 साल में पाकिस्तान समर्थित प्रॉक्सी युद्ध और आतंकवाद के चलते 100000 से ज्यादा कश्मीरियों की जान चली गई है। उन्होंने कहा कि साल भर में सहानुभूति का दिखावा करना असल में दर्द का मजाक उड़ाना है।
कश्मीर पर पाकिस्तान की खोली पोल
जम्मू कश्मीर नेशनल इंडिपेंडेंस अलायंस (JKNIA) के चेयरमैन महमूद अहमद कश्मीर के हवाले से एनडीटीवी की रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान की बयानबाजी उन लोगों का अपमान है जिनकी राष्ट्रीय पहचान और उनके प्राकृतिक संसाधनों को खत्म किया जा रहा है। UKPNP के सरदार टिक्का खान ताहिर ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में खुलेआम कानून के उल्लंघनों और कश्मीरियों पर हो रहे अत्याचार को लेकर पाकिस्तान को बेनकाब किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नकली दस्तावेजों के जरिए गैर-स्थानीय लोगों को बसाया जा रहा है।
पाकिस्तान हुआ बेनकाब
यूरोप और ब्रिटेन में रहने वाले कश्मीरी नेताओं ने 5 फरवरी को एकजुटता दिवस के बजाय धोखे के दिन के रूप में मनाया और कहा कि वे इस दिन राज्य को जबरदस्ती बांटने में पाकिस्तान की भूमिका को याद करते हैं। ब्रसेल्स में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन हुए। ब्रसेल्स में UKPNP की विदेश मामलों की कमेटी ने कहा कि 5 फरवरी अब अंतरराष्ट्रीय दिखावे के लिए डिजाइन किया गया कार्यक्रम बना दिया गया है। UKPNP के अध्यक्ष जमील मकसूद ने कहा कि कश्मीरियों को दिखावटी एकजुटता की नहीं बल्कि न्याय, गरिमा और अपना भविष्य तय करने के अधिकार की जरूरत है।













