शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में जहरीले बोल बोलते हुए कहा, ‘हम आज अगर मुजफ्फराबाद में आए हैं तो इसका मकसद पाकिस्तानी लोगों और पाकिस्तानी नेतृत्व की तरफ से कश्मीर के हमारे भाइयों के साथ एकजुटता दिखाना है। हम कश्मीरियों के साथ खड़े हैं और हमें भरोसा है कि कश्मीर पाकिस्तान का हिस्सा जरूर बनेगा।’
पाकिस्तानी सेना ने भी दिया बयान
शहबाज शरीफ के अलावा राष्ट्रपति आसिफ जरदारी और सेना प्रमुख असीम मुनीर ने भी कश्मीर पर बयान दिए हैं। पाकिस्तानी नेताओं और सैन्य अफसरों की ओर से यह बयानबाजी 5 फरवरी पर की गई है। 5 फरवरी को पाकिस्तान कथित कश्मीर एकजुटता दिवस (कश्मीर सॉलिडेरिटी डे) मनाता है। इस दिन हर साल पाकिस्तानियों की ओर से भारत पर कई आरोप लगाए जाते रहे हैं।
पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आर्मी चीफ असीम मुनीर, नेवी चीफ नवीद अशरफ और एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद सिद्धू ने कश्मीर एकजुटता दिवस पर कश्मीरी लोगों को समर्थन दिया है। तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने पाकिस्तान फौज तरफ से जम्मू-कश्मीर के लोगों को सपोर्ट का ऐलान अपने बयान में किया है।
राष्ट्रपति जरदारी ने बताया क्यों मनाते हैं
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने गुरुवार को कश्मीर के बारे में खूब बड़ी-बड़ी बातें कही हैं। जरदारी ने कहा कि कश्मीरियों के साथ उनका देश एकजुट है। जरदारी ने बताया कि कश्मीर एकजुटता दिवस मनाने की शुरुआत पूर्व पीएम बेनजीर भुट्टो ने 1989 में की थी। इसके बाद से हर साल इसे पाकिस्तान में मनाया जाता है।
पाकिस्तान के नेताओं की ओर से कश्मीर मुद्दे पर भारत विरोधी बयान कोई नई बात नहीं है। जनवरी में भी पाकिस्तान ने कथित ‘कश्मीर आत्मनिर्णय अधिकार दिवस’ मनाया था। इस दौरान शहबाज शरीफ ने कहा था कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की प्रमुख वजह कश्मीर है। कश्मीर विवाद के समाधान के बिना दक्षिण एशिया में शांति नहीं आएगी।













