‘फ्री प्रेस जर्नल’ के मुताबिक, कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि पद्मा एक सफाई कर्मचारी हैं, जो चेन्नई के टी नगर इलाके में काम करती हैं। कुछ दिन पहले काम करते समय, पद्मा को एक लावारिस बैग मिला, जिसमें सोने के गहने थे। पद्मा चाहतीं तो किसी को भी बताए बिना वो बैग अपने पास रख लेती। और आमतौर पर ऐसी स्थिति में कई लोग लालची हो भी जाते हैं, पर पद्मा ने ऐसा नहीं किया। बल्कि उन्होंने लावारिस बैग के बारे में अपने सुपरवाइजर को बताया। इसके बाद सोने के गहनों से भरे बैग को पॉन्डी बाजार पुलिस थाने में जमा करा दिया। पुलिस ने बाद में वो गहनों का बैग उसके मालिकों को लौटा दिया।
रजनीकांत ने पद्मा को घर बुलाया, सोने की चेन पहनाई
रजनीकांत को यह बात पता चली, तो वह पद्मा के मुरीद हो गए। उन्होंने पद्मा को चेन्नई स्थित अपने घर बुलाया। उनकी नेकदिली की तारीफ की और सोने की चेन पहनाकर सम्मानित किया। इसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो तुरंत ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
तमिलानाडु के मुख्यमंत्री ने दिया 1 लाख रुपये का चेक
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी पद्मा को सम्मानित किया और उन्हें एक लाख रुपये का चेक दिया। रजनीकांत की बात करें, तो उनकी नेकदिली के किस्से खूब मशहूर हैं। वह अकसर ही फैंस और करीबी दोस्तों को ऐसे ही गिफ्ट करते रहे हैं।
वो मौके, जब रजनीकांत ने दरियादिली से जीता दिल और दिए गिफ्ट:
- साल 2021 में जब रजनीकांत की फिल्म Annaatthe रिलीज हुई थी, तो एक्टर अचानक ही फिल्म के डायरेक्टर शिवा के घर पहुंच गए थे और उन्हें सोने की चेन गिफ्ट की थी। यही नहीं, उन्होंने फिल्म के अन्य तकनीशियनों को भी सोने की चेन गिफ्ट की थीं।
- वहीं साल 2022 में रजनीकांत ने ऋषभ शेट्टी को घर बुलाकर उन्हें सोने की चेन गिफ्ट की थी। यह गिफ्ट उन्होंने ऋषभ को उनकी फिल्म ‘कांतारा’ से प्रभावित होकर दिया था।
- रजनीकांत ने अपने जबरा फैन रजनी शेखर को भी सोने की चेन गिफ्ट की थी। रजनी शेखर मदुरै के रहने वाले हैं और वह जरूरतमंदों को परोटा डिश सिर्फ 5 रुपये में बेचते हैं। इसी से रजनीकांत इम्प्रैस हो गए थे।
- इसी तरह फिल्म थाइलैंड में’कुली’ की शूटिंग के दौरान रजनीकांत ने सेट पर 350 क्रू मेंबर्स को गिफ्ट पैकेट दिए थे ताकि वो अपने बच्चों के लिए कुछ खरीद सकें।
रजनीकांत की आने वाली फिल्में
प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें, तो रजनीकांत जल्द ही फिल्म ‘जेलर 2’ में नजर आएंगे। इसमें विजय सेतुपति, मिथुन चक्रवर्ती और शाहरुख खान भी कैमियो है। फिल्म को नेल्सन डायरेक्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वह Thalaivar 173 में भी नजर आएंगे। खबर है कि इसमें रजनीकांत के साथ कमल हासन भी होंगे।













