मयंक पवार का पत्नी से तलाक
मयंक पवार ने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा, लेकिन उनके करीबी लोग उनकी परेशानियों से वाकिफ थे। मयंक की मां ने बताया कि उनकी पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन 2014 में वह पत्नी से अलग हो गए थे।
तलाक के बाद लिवर की बीमारी, अस्पताल में भर्ती, मानसिक तनाव और अकेलापन
‘वन इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में मयंक पवार की मां रजनी ने बताया कि अलग होने के बाद उनका बेटा काफी तनाव और डिप्रेशन में रहने लगा था। मार्च 2025 में उसे लीवर की गंभीर समस्या भी हो गई थी। मयंक को इसके लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह पूरी तरह से ठीक नहीं हो सके। मयंक की मां ने आगे बताया कि उनका बेटा बहुत मानसिक तनाव में था और अकेलेपन और उदासी से जूझ रहा था। मयंक के दोस्त ने भी पुष्टि की कि वह डिप्रेशन में चले गए थे, पर उन्होंने खुद को फिटनेस और ट्रेनिंग में बिजी रखने की काफी कोशिश की थी।
यह बोलीं मयंक पवार की मां
मयंक पवार की मां बोलीं, ‘मेरा बेटा बहुत मेहनती इंसान था। फिटनेस ही उसकी जिंदगी थी, लेकिन तलाक ने उसे अंदर से तोड़ दिया। लीवर की समस्या ने उसकी हालत और खराब कर दी। हमने बहुत कोशिश की, लेकिन…।
मौत का आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं, लिवर डैमेज को माना जा रहा वजह
खबरों के मुताबिक, जब मयंक पवार की तबीयत अचानक बिगड़ी, तब वह दिल्ली के राणा प्रताप बाग स्थित अपने घर पर थे। मयंक की मौत के सही कारण की अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, ऐसा माना जा रहा है कि उनके लीवर और खराब हो गया होगा, जिससे स्थिति बिगड़ी होगी। मयंक पवार ने 1 जनवरी 2026 को ही अपना 37वां बर्थडे मनाया था और उसके कुछ हफ्ते बाद ही अचानक मौत से फैंस शॉक में हैं।
मयंक पवार की पॉपुलैरिटी
मयंक पवार की शोक सभा 25 फरवरी को शाम 5 से 6 बजे के बीच राणा प्रताप बाग में संगम पार्क के पास वाल्मीकि मंदिर में आयोजित की गई। वह रियलिटी शो में जाना-पहचाना नाम थे और ‘स्प्लिट्सविला 7’ ने उनकी पॉपुलैरिटी को और बढ़ा दिया था। मयंक पवार हमेशा अपनी फिटनेस जर्नी के लिए लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बने रहे। वह ‘एमपी फिटनेस’ नाम से एक पर्सनल ऑनलाइन कोचिंग भी चलाते थे और मॉडल भी रहे थे।














