संदीप नरवाल ने दिया रेफरी को धक्का
आपको बता दें कि संदीप नरवाल का वो वीडियो ऑल इंडिया सर्विसेज कबड्डी मेन एंड वुमेन टूर्नामेंट 2025-26 का है। उस वीडियो में रेफरी संदीप नरवाल की टीम में से किसी खिलाड़ी को येलो कार्ड देते हैं। हालांकि, उस येलो कार्ड से संदीप नरवाल खुश नहीं होते और गुस्से में रेफरी के पास जाते हैं और उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा देते हैं। इसके बाद दोनों टीम के खिलाड़ी वहां जमा हो जाते हैं। उस वक्त थोड़ी गर्मा गर्मी हो जाती है।
अर्जुन अवॉर्ड जीत चुके हैं संदीप नरवाल
हरियाणा से आने वाले संदीप नरवाल को 2021 में अर्जुन अवॉर्ड मिला था। वह भीम अवॉर्ड भी जीत चुके हैं। 8 साल की उम्र से उन्होंने कबड्डी खेलना शुरू कर दिया था। बता दें कि नरवाल ने अपनी पढ़ाई सोनीपत के गवर्मेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की है। वह 2016 से 2018 के दौरान भारतीय कबड्डी टीम के अहम खिलाड़ी थे।
उन्होंने भारत को 2016 कबड्डी वर्ल्ड कप, 2017 एशियन कबड्डी चैंपियनशिप, 2018 दुबई कबड्डी मास्टर्स और 2016 के एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। 2018 के एशियन गेम्स में भी जब भारत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था तो वह उस टीम का हिस्सा थे। संदीप नरवाल भारत की फेमस प्रो कबड्डी लीग का भी हिस्सा रह चुके हैं। संदीप नरवाल कबड्डी चैंपियंस लीग में रोहतक रॉयल्स के कप्तान भी थे। उनकी कप्तानी में रोहतक रॉयल्स ने कबड्डी चैंपियंस लीग का पहला सीजन ही जीत लिया था।













