इस सुविधा के जरिए आप कानून, कोर्ट केस की स्थिति, सरकारी कानूनी योजनाएं और न्याय से जुड़े जरूरी सवालों के जवाब पा सकते हैं। खास बात यह है कि इसका इस्तेमाल करने के लिए किसी ऐप को डाउनलोड करने की या फिर वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होती है। आप घर बैठे ही व्हाट्सऐप पर एक hi मैसेज भेजकर इन सभी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। आइये, जानते हैं।
क्या है Nyaya Setu?
भारत सरकार ने अगस्त, 2024 में ‘न्याय सेतु’ नाम की एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। इसका मकसद लोगों को आसानी से कानूनी मदद दिलाना है। इसके जरिए आम नागरिक बिना किसी झंझट के जल्दी कानूनी सलाह पा सकते हैं। अब इस सुविधा को सीधे WhatsApp से जोड़ा गया है। इससे लोगों के लिए कानूनी मदद लेना और भी आसान हो गया है। कानून और न्याय मंत्रालय ने X (पहले ट्विटर) पर ट्वीट करके बताया है कि इस नए अपडेट से यह सुनिश्चित होता है कि हर नागरिक के लिए प्रोफेशनल कानूनी सहायता हमेशा जल्दी और सुरक्षित हो।
इस नंबर पर करना होगा मैसेज
अगर आप WhatsApp पर Nyaya Setu से कानूनी जानकारी या सलाह लेना चाहते हैं तो आपको सिर्फ एक नंबर पर मैसेज करना होगा। वह नंबर 7217711814 है। WhatsApp पर यह नंबर ‘Tele-Law’ के नाम से आएगा। नंबर फोन में सेव करें या फिर सीधा व्हाट्सऐप पर जाकर इस नंबर पर Hi या Hello मैसेज कर दें। ऐसा करते ही आपके सामने तीन ऑप्शन आएंगे। इसमें कानूनी सलाह, कानूनी जानकारी और कानूनी सहायता शामिल है। आप अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी ऑप्शन सिलेक्ट कर सकते हैं। इस तरह आप फ्री में घर पर बैठे ही कानूनी सलाह पा सकेंगे।













