कहां लगाया गया हाईटेक टॉयलेट दरवाजा?
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, नई तकनीक से लैस टॉयलेट के दरवाजों को ग्वांगडोंग प्रांत के शेन्जेन में स्थित शुइबेई इंटरनेशनल सेंटर और शुइबेई जिनज़ुओ बिल्डिंग के दो ज्वेलरी शॉपिंग मॉल में लगाया गया है। इस दरवाजे की पहली बार जानकारी 16 दिसंबर को चीनी सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी। तब से यह दरवाजा चीन में चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ आलोचना करने वाले लोग भी हैं, जिन्हें प्राइवेसी को खतरा दिखाई दे रहा है।
कैसे पारदर्शी होता है टॉयलेट का दरवाजा?
टॉयलेट के दरवाजे के कांच में एक खास टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होता है जो आम तौर पर ओपेक होती है और धुआं आने के कुछ सेकंड बाद पावर काट देती है, जिससे कांच ट्रांसपेरेंट हो जाता है। शॉपिंग सेंटर बाथरूम यूज़र को इस फंक्शन के बारे में बताने लिए दरवाजे पर एक नोटिस लगाए हुए हैं, जिस पर लिखा है: “अगर आप स्मोक करते हैं तो कांच ट्रांसपेरेंट हो जाएगा। अगर आप ऑनलाइन फेमस नहीं होना चाहते हैं तो स्मोक करने की इच्छा को रोकें।”
सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग?
कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इस नई टेक्नोलॉजी की तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा: “आखिरकार, स्मोक करने वालों से निपटने के लिए एक असरदार तरीका है।” चीन में सार्वजनिक जगहों पर स्मोकिंग करने पर प्रतिबंध है। ऐसा करने पर छोटे जुर्माने लगाए जाते हैं, लेकिन लोगों पर इसका कोई खास असर नहीं होता है। ऐसे में लोग अब इस तकनीक को पूरे चीन में प्रमोट करने की मांग करने लगे हैं।
शेन्जेन में प्रतिबंधित है इनडोर स्मोकिंग
शेन्जेन चीन का एक ऐसा शहर है जहां इनडोर पब्लिक जगहों पर स्मोकिंग पर पूरी तरह से बैन है। शॉपिंग सेंटर भी नॉन-स्मोकिंग बिल्डिंग हैं। इस तकनीक का इस्तेमाल करने वाले शॉपिंग सेंटर के एक स्टॉफ ने बताया कि उन्होंने पिछले साल अगस्त में ग्लास विंडो पर टेस्ट रन शुरू किया था। स्टॉफ ने यह भी दावा किया कि उन्हें खरीदारों और दुकानदारों दोनों से इसका अच्छा फीडबैक मिला है। इससे पहले, शॉपिंग सेंटर को कस्टमर्स से बाथरूम में स्मोकिंग के बारे में कई शिकायतें मिली हैं। प्राइवेसी के संभावित उल्लंघन को रोकने के लिए, उन्होंने कहा कि वे स्मोक सेंसर को कैलिब्रेट करेंगे ताकि यह पक्का हो सके कि यह सिर्फ धुएं से ही चालू होगा। वे ग्लास के पास एक रीसेट बटन भी लगाएंगे, अगर सेंसर गलती से चालू हो जाए।













